महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अक्टूबर। बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत कल मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने अपने निवास रायपुर से प्रदेश के बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ते की छठवीं किश्त जारी की। उन्होंने महासमुंद जिले के 5315 बेरोजगारों को भत्ता की किश्त जारी की है। जिले में 31 अगस्त तक की स्थिति में कुल 5 करोड़ 55 लाख 35 हजार रुपए की राशि हितग्राहियों के खाते में राशि जारी की गई है। अभी तक कई बेरोजगारी भत्ता प्राप्त 6 हितग्राहियों को शासकीय नौकरी भी मिल चुकी है। बेरोजगारी भत्ता प्राप्त 557 हितग्राहियों को विभिन्न निकायों में प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
मालूम हो कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जिले के 1 लाख 35 हजार 104 बेरोजगार युवाओं को कल बेरोजगारी भत्ता राशि अन्तरित किया। मुख्यमंत्री ने राज्य में बेरोजगार हितग्राहियों के खाते में 35 करोड़ 48 लाख 7 हजार 500 रूपए का अंतरण किया। इस योजना के तहत अब तक हितग्राहियों को 182 करोड़ 47 लाख 2 हजार 500 रुपए का बेरोजगारी भत्ता मिल चुका है।
महासमुंद की स्वान वीसी कक्ष में कलेक्टर प्रभात मलिक, रोजगार अधिकारी ए ओ लारी, कौशल विकास सहायक संचालक अशोक साहू एवं हितग्राही मौजूद थे। यहां ग्राम खैरा की पूजा बंजारे ने बताया कि वह 12वीं तक पढ़ी है और घर में रहकर एक ग्रहणी का काम करती है। बेरोजगारी भत्ता योजना लागू होने के बाद फॉर्म भरा और उनका फार्म स्वीकृत हो गया। उन्हें आज छठवीं किश्त की राशि मिली है। योजना के तहत वे सिलाई प्रशिक्षण के लिए भी चुनी गई है। जिससे वह चार महीना की सिलाई प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ता से प्राप्त राशि का वह सिलाई के लिए कच्चा मटेरियल और बच्चों के पढ़ाई पर खर्च करती हैं। ढाई हजार रुपए प्रति माह आवक होने से उनकी बहुत बड़ी समस्या हल हो रही है।
इसी तरह ग्राम हथखोज के वतन सिंह ने बताया कि वेे स्नातकोत्तर करने के बाद पीएचडी कर रहे हैं। योजना के तहत कराटे का प्रशिक्षण भी प्राप्त कर रहे हैं। इस राशि को वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में खर्च कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम बेरोजगारों के लिए मुख्यमंत्री ने बहुत बड़ी मदद की है। ग्राम बांसकुड़ा की कुमारी ऋतु ध्रुव ने बताया कि वे पार्ट टाइम जॉब करती हैं। बेरोजगारी भत्ता योजना से उन्हें हर माह 2500 रुपए मिलता है।
अभी वे इस योजना के तहत डाटा एंट्री ऑपरेटर का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्हें विश्वास है कि प्रशिक्षण के बाद अच्छी सैलरी पर फुलटाइम जॉब मिलेगा।