महासमुन्द

बारनवापारा अभ्यारण्य को जंगल सफारी के अधीन करने के आदेश के बाद अफसर विचलित
01-Oct-2023 2:37 PM
बारनवापारा अभ्यारण्य को जंगल सफारी के अधीन करने के आदेश के बाद अफसर विचलित

पुन: सामान्य वन मंडल में रखे जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 1 अक्टूबर।
समीप के बारनवापारा अभ्यारण्य को जंगल सफारी के अधीन करने के आदेश के बाद सामान्य वन मण्डल के अधिकारी अपने कम होते अधिकारों से विचलित दिखाई देने लगे हैं, लिहाजा प्रधान मुख्य वन संरक्षक द्वारा वन मण्डलाधिकारी बलौदाबाजार का हवाला देते हुए बार अभ्यारण्य को सामान्य वन मण्डल में ही यथावत रखने का प्रस्ताव अनुशंसा के साथ शासन को भेजा है।

ज्ञात हो कि सामान्य वन मण्डल अभ्यारण्य के नाम से शासन द्वारा स्वीकृत फंड को अन्य परिक्षेत्र में वन मण्डलाधिकारी अपने विवेक से खर्च करने स्वतंत्र थे, परन्तु अब अभयारण्य के लिए स्वीकृत राशि अभ्यारण्य के भीतर की खर्च करने की बाध्यता होगी।

मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार द्वारा वन्य प्राणियों के उचित रक्षण एवं देखरेख के लिए बार अभ्यारण्य को सामान्य से हटाकर जंगल सफारी में स्थानांतरित किया था, परन्तु शासन के आदेश के तत्काल बाद बलौदाबाजार वन मण्डलाधिकारी द्वारा अभ्यारण्य को सामान्य वन मण्डल में ही रखे जाने का प्रस्ताव उच्च अधिकारियों के पास भेजा। वहां से प्रधान मुख्य वन संरक्षक द्वारा वन मण्डलाधिकारी के प्रस्ताव का हवाला देकर उसे पुन: सामान्य वन मंडल में रखे जाने का प्रस्ताव शासन को भेजा है। 

उक्त प्रस्ताव के भेजे जाने से यह स्पष्ट हो गया कि वन मंडल अधिकारी किसी भी हालत में वन्य प्राणियों से भरे अभयारण्य को जंगल सफारी को नहीं सौपना चाहते इसका कारण यह बताया जाता है कि यदि बार अभ्यारण्य को सामान्य वन मंडल से हटाकर जंगल सफारी के पास भेज गया। तब ऐसी स्थिति में बलोदा बाजार वन मंडल में आने वाला अधिकांश बजट जो कि वन्य प्राणियों के नाम से या अभ्यारण के नाम से आता है। वह सीधे बार अभ्यारण्य में चला जायेगा।

वर्तमान में यह आबंटन सामान्य वन मण्डल में आता है, जिसे वन मण्डलाधिकारी द्वारा अपने मन से बार के अलावा अन्य परिक्षेत्र मे खर्च कर दिया जाता है उसका कारण यह बताया जाता है कि आसपास के सामान्य वन पर क्षेत्र भी वन्य प्राणियों के क्षेत्र लगे हैं इस तरह वन अधिकारी बार वन पर क्षेत्र के विकास के लिए आने वाली एक बड़ी  आवंटन की राशि को खोना नहीं चाहते।शायद इसी वजह से वे बार अभ्यारण्य को वर्तमान की तरह बरकरार रखना चाहते है।जानकार बताते है कि यदि बार को जंगल सफारी में दे दिया जाए तब बार अभ्यारण्य भी किसी भी राष्ट्रीय उद्यान की तरह विश्व भर में ख्याति अर्जित कर सकता है।अन्यथा वर्तमान स्थिति की तरह वन्य प्राणियों की मौतें और शिकार जारी रहेंगे।

2 अक्टूबर से वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह

वर्तमान में जंगल सफारी वन मंडल में पदस्थ वन मंडलाधिकारी पूर्व में कवर्धा एवं बलौदा बाजार वन मंडल में पदस्थ, रहे हैं और उन्हें भोरमदेव तथा बारनवापारा अभ्यारण्य के प्रबंधन के बारे में अच्छा अनुभव है। अत: कोई प्रशासनिक कठिनाई नहीं होगी। दो अक्टूबर से वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह मनाया जाता है,इस बार किस वन मंडल द्वारा आयोजित किया जाएगा स्पष्ट नहीं हो रहा है।
 


अन्य पोस्ट