महासमुन्द

आवासहीनों को भूपेश सरकार का तोहफ़ा, दिए जाएंगे पक्के मकान
30-Sep-2023 3:12 PM
आवासहीनों को भूपेश सरकार का तोहफ़ा, दिए जाएंगे पक्के मकान

महासमुंद, 30 सितम्बर। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल से आवासहीनों को पक्के मकान का तोहफा मिलेगा। प्रदेश में कच्चे घर वाले लोगों को पक्का मकान देने के लिए छत्तीसगढ़ ग्रामीण आवास न्याय योजना की शुरूआत की गई। इस योजना के तहत राज्य में जिन लोगों के पास घर कच्चे हैं, उन्हें पक्का मकान दिए जाएंगे। इस योजना से छत्तीसगढ़ में कुल 10 लाख 76 हजार बेघर गरीब परिवारों को घर देकर लाभान्वित किया जाना है।

संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने छत्तीसगढ़ ग्रामीण आवास न्याय योजना की शुरूआत किए जाने पर प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की ग्रामीण आवास न्याय योजना का फायदा राज्य के लोगों को मिलेगा। छत्तीसगढ़ के गांवों में रह रहे गरीब परिवार के लोग इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। कच्चे मकान में रहने वाले लोगों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा उन लोगों को भी पक्का मकान मिलेगा, जिनको पीएम आवास योजना का लाभ अभी तक नहीं मिला है। छत्तीसगढ़ के ऐसे लोग जिनको पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के नए सर्वे में सोशियो इकोनॉमिक एंड कॉस्ट सेंसस के तहत पीएम आवास योजना के लिए पात्रता नहीं मिल पाई थी, उन्हें अब इस योजना के जरिए पक्के मकान दिए जाएंगे।  संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ के सात लाख आवासहीनों को जबरिया रोक रखा है और उनके लिए स्वीकृति नहीं दी जा रही है। जबकि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री से बार-.बार आग्रह किया कि छत्तीसगढ़ के लोगों के आवास की स्वीकृति दी जाए। लेकिन छत्तीसगढ़ के लोगों की मांग को नहीं माना गया। अलबत्ता भाजपा की उसी गरीब विरोधी सोच के कारण भूपेश सरकार ने आवास न्याय योजना की शुरूआत की है। इस योजना में 2011 की सर्वे सूची के अलावा 47000 नए लोगों को भी आर्थिक गणना कराकर जोड़ा गया है। बीते दिनों आवास योजना की पहली किश्त जारी करते हुए सात लाख आवासहीनों के खाते में डाली गई।


अन्य पोस्ट