महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 सितम्बर। महासमुंद जिले की तुमगांव पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों बाइक से प्रतिबंधित नशीली दवा बिक्री के लिए बसना की ओर से रायपुर की ओर जा रहे थे।
पुलिस को 28 सितम्बर को सूचना मिली कि दो व्यक्ति मोटर सायकल हीरो होण्डा में प्रतिबंधित नशीली दवा बिक्री हेतु बसना की ओर से रायपुर की ओर जा रहे हैं। मुखबिर सूचना पर पुलिस की टीम तुमगांव तिराहा रवाना हुई। वहां मोटर सायकल में दो व्यक्ति सवार होकर बसना की ओर से आते दिखे। जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर रोका। बाइक को रूपित शर्मा (23) निवासी कांकेर चला रहा था। पीछे में धनेशराम यादव (25) भोभला बाहरा थाना दुगली बैठा था।
दोनो युवकों के बीच में एक हरा, काला तथा गुलाबी रंग का झोला था जिसमें प्रतिबंधित नशीली दवाई टेबलेट,सिरप एवं इंजेक्शन रखा था। उनके कब्जे से एक पैकेट डब्बा में 47 इंजेक्शन, 400 टेबलेट, 300 शीशी सिरप, 100 इंजेक्शन कुल कीमत 11 हजार 933 रुपए बरामद किया गया। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से एक-एक नग टच स्किन मोबाइल रियल मी कंपनी का कुल कीमत 10 हजार रुपए, परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकल हीरो होण्डा जप्ती पत्रक के साथ बरामद किया गया।