महासमुन्द

जनता सब देख रही है, विधानसभा चुनाव में इसका हिसाब जरूर करेगी-देवीचंद
29-Sep-2023 3:41 PM
जनता सब देख रही है, विधानसभा चुनाव में इसका हिसाब जरूर करेगी-देवीचंद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 सितम्बर।
भूपेश सरकार द्वारा चुनाव के करीब आते ही आबादी जमीन में निवासरत लोगों को पट्टा देने को चुनावी जुमला करार देते हुए पार्षद देवीचंद राठी, सांसद कार्यालय प्रभारी मोहन साहू, सांसद प्रतिनिधि पवन साहू, जगन्नाथ छुरा, कुदंन साव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि प्रदेश के कांग्रेस सरकार को अपने कार्यकाल खत्म होने पर आबादी जमीन में निवासरत लोगों को पट्टा देने का विचार आया। ये सरकार की उदासीनता को दर्शाती है। 

भाजपा नेताओं ने कहा कि यही कांग्रेस सरकार द्वारा बीटीआई रोड में निवासरत गरीब परिवारों, सुभाष नगर, नयापारा, लालदाढ़ी पार, पिटियाझर,मौहारी भांठा में आबादी भूमि में निवासरत लोगों को हजार लाखों रुपए जमा करने का नोटिस थमाया था। इनमें से कुछ तो चालान के माध्यम से पैसा भी जमा किया। पट्टा पाने के लिए सालों इंतजार करना पड़ा। तहसील एसडीएम कार्यालय का चक्कर लगाना पड़ा और अब चुनाव को कुछ दिन शेष है, तो कांग्रेस सरकार अपनी उपलब्धि बताने जनता को पट्टा वितरण कर रही है। 

भाजपा नेताओं ने कहा कि ये भ्रष्ट भूपेश सरकार यदि चार साल पहले गरीब जनता को पट्टा वितरण करती तो महासमुंद नगर में ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सैकड़ों पक्का मकान बन जाते। ये कांग्रेस सरकार के पट्टा वितरण करने में देरी के कारण ही आम गरीब जनता आवास योजना का लाभ लेने से वंचित हो गये। 
जनता सब देख रही है और समझ रही है आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका हिसाब जरूर करेगी।

 


अन्य पोस्ट