महासमुन्द

बेलटुकरी में प्लांट स्थापना पूर्व पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए लोक सुनवाई शुरू: सैकड़ों महिलाएं विरोध में उतरीं
29-Sep-2023 3:28 PM
बेलटुकरी में प्लांट स्थापना पूर्व पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए लोक सुनवाई शुरू: सैकड़ों महिलाएं विरोध में उतरीं

इसी क्षेत्र में एक पॉवर प्लांट का पहले से किसान कर रहे हैं विरोध

 बेलटुकरी में 22-23 एकड़ रकबे में प्रस्तावित है संयंत्र 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 सितम्बर।
महासमुंद के बेलटुकरी ग्राम में अंकित स्टोन के समीप एक प्लांट की स्थापना के पूर्व पर्यावरणीय स्वीकृति के लिए सुबह 11 बजे से लोक सुनवाई की व्यवस्था जिला प्रशासन ने कराई है। इसके विरोध में बेलटुकरी और आसपास के गांवों की महिलाओं ने लोक सुनवाई में आकर प्लांट के विरोध शुरू कर दिया है। 

लोक सुनवाई के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीओपी मंजूलता बाज के नेतृत्व में तुमगांव थानेदार और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद हैं। कुछ माह पूर्व मालीडीह में एक संयंत्र की लोक सुनवाई के दौरान उपजी अव्यवस्था के बाद यहां लोक सुनवाई में जिला प्रशासन की ओर से एडीएम दुर्गेश वर्मा, एसडीएम यूके साहू भी मौजूद हैं। मेसर्स पिकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड की ओर से प्रबंधन के अधिकारी भी अपना पक्ष रखने के लिए पहुंचे हैं। 

मिली जानकारी के मुताबिक मेसर्स पिकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा ग्राम बेलटुकरी तहसील महासमुंद में करीब 22-23 एकड़ रकबे में बड़े संयंत्र की स्थापना करने की तैयारी की जा रही है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा उक्त संयंत्र की स्थापना के पूर्व लोक सुनवाई के लिए पत्र लिखा गया था। इसी तारतम्य में जिला प्रशासन ने आज 29 सितंबर 2023 शुक्रवार को भोरिंग से अछोली मार्ग पर अंकित स्टोन के पास ग्राम बेलटुकरी में प्रात: 11 बजे से सुवाई शुरू की है। बताना जरूरी है कि महासमुंद जिले में तुमगांव के समीप हाइवे किनारे स्थित करणी कृपा पावर प्लांट की कतिपय कथित अनियमितताओं को लेकर किसानों का आंदोलन चल ही रहा है कि अब निकट भविष्य में आने वाले एक और प्लांट के विरोध की तैयारी है।

बताया गया है कि मेसर्स पिकाडली एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा ग्राम बेलटुकरी में 9 हेक्टेयर भू.भाग पर ग्रेन बेस्ट डिस्टिलरी अनाज आधारित आसवनी क्षमता 210 किलोलीटर प्रतिदिन, इथेनाल रेक्टिफाइड, स्प्रिंट एक्स्ट्रा न्युट्रल एल्कोहल, इंडस्ट्रियल एल्कोहल, डिनेचर्ड स्प्रिंट, स्पेशली डिनेचर्ड स्प्रिंड एंड माल्ड स्प्रिंट तथा को.जनरेशन पॉवर प्लांट 6.25 मेगावॉट, डीडीजीएस क्षमता 88 टन प्रतिदिन एवं कार्बन डाई ऑक्साइड क्षमता 154 टन प्रतिदिन उत्पादन होगा।

इस मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेता मोती साहू ने बताया कि आज लोक सुनवाई में जनहित में काम नहीं होगा तो समर्थकों के साथ इसका विरोध करने आए हैं। कंपनी का विरोध करते हुए इसकी जानकारी प्रबंधन को दी जाएगी। कंपनी को लेकर लोगों के प्रश्नों के सवाल जवाब जारी हैं। कंपनी की स्थापना जनहित में नहीं होगी, पर्यावरण और लोक शांति को नुकसान होगा तो इसका विरोध किया जाएगा।

मालूम हो कि पूर्व नपा उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता त्रिभुवन महिलांग पहले ही उक्त संयंत्र का लोक सुनवाई के दौरान विरोध करने का ऐलान कर चुके हैं। आज वे इसीलिए अपने समर्थकों के साथ यहां पहुंचे हैं। श्री महिलांग उसी क्षेत्र से आते हैं जहां उक्त संयंत्र की स्थापना की तैयारी चल रही है। उनके नेतृत्व में बेलटुकरी और आसपास के गांवों की करीब 3 सौ महिलाएं और युवा लोक सुनवाई में विरोध करने की तैयारी में है। श्री महिलांग का कहना है कि सीलबंद पानी बोतल और ऑयल फैक्ट्री खोलने की जानकारी देकर क्षेत्रवासियों को गुमराह किया जा रहा है।

जबकिए वहां शराब फैक्ट्री खोलने की तैयारी है। 


अन्य पोस्ट