महासमुन्द

कृत्रिम गर्भाधान: देशी नस्ल की गाय से सुरेश को सालाना 4 लाख की आय
29-Sep-2023 3:03 PM
कृत्रिम गर्भाधान: देशी नस्ल की गाय से सुरेश को सालाना 4 लाख की आय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 29 सितम्बर। सुरेश कुमार यादव विकासखण्ड महासमुंद के ग्राम बिरबिरा निवासी हैं। वर्ष 2019.20 में उनकी आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर थी। वे आय का नया जरिया तलाश करते हुए पशुधन विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के संपर्क में आए जिससे उन्हें राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान योजना के बारे में पता चला कि विभाग के अधिकारी कर्मचारी तथा प्राइवेट कृत्रिम गर्भाधान कार्यकर्ता के द्वारा हितग्राहियों के घर पर जा कर उन्नत नस्ल के सांड के वीर्य के द्वारा पूर्णत: नि:शुल्क कृत्रिम गर्भाधान किया जाता है।

सुरेश कुमार यादव ने अपने घर की गाय जो कि बहुत कम दुग्ध उत्पादन करती थी, पशुधन विकास विभाग द्वारा उन्नत नस्ल के साहीवाल सांड के वीर्य से कृत्रिम गर्भाधान करवाया।

उन्होंने पशुधन विकास विभाग के अधिकारी.कर्मचारियों के द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी गाय का खान.पान एवं रख.रखाव किया। साथ ही समय-समय पर विभाग द्वारा चलाए गए नि:शुल्क टीकाकरण कार्यक्रम का भी लाभ लिया। कृत्रिम गर्भाधान के द्वारा उन्नत नस्ल की बछिया पैदा हुई। जो वर्ष 2020-21 से दुग्ध देना प्रारम्भ की हैं। श्री यादव ने बताया कि अब लगभग 4 लाख रुपए सालाना आय हो रही है।

सुरेश कुमार यादव के घर की महिलाएं भी गाय पालन में रुचि लेकर कार्य कर रही हंै। पशुधन विकास विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों के दिशा निर्देश का पालन करते हुए श्री यादव अब और गाय रखकर राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान योजना का फायदा लेते हुए छोटे पैमाने पर डेयरी फार्म स्थापित कर अपना एवं अपने घर की महिलाओं की आर्थिक उन्नयन करने के इच्छुक हैं।

 श्री यादव के संकल्प को पूरा करने में पशुधन विकास विभाग पूरा सहयोग दे रहा है।

 


अन्य पोस्ट