महासमुन्द
टायफाइड , डेंगू व कोरोना जांच की सलाह दी जा रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 28 सितम्बर। शहर सहित जिले भर में पिछले माह भर से वायरल फीवर, सर्दी, खांसी का कहर जारी है। लिहाजा शासकीय, निजी अस्पतालों में इन दिनों बड़ी संख्या में मरीज़ जुट रहे हैं। कोरोना काल के बाद पहली बार फिर ऐसे हालात निर्मित हो रहे हैं जिसमें फीवर के मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ रहा है। मरीजों में सर्वाधिक खांसी, तेज बुखार, मुंह सूखना, चक्कर तथा कमजोरी लक्षण वाले मरीज अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों द्वारा मरीजों को टायफाइड जांच, डेंगू जांच तथा कोरोना जांच की सलाह दी जा रही है। साथ ही कोरोना काल की तरह ही उन्हें गाइड लाइन का पालन करने कहा जा रहा है। महासमुंद में अकेले मेडिकल कॉलेज की ही बात करें तो यहां बुखार, खांसी, सर्दी के रोजाना 400 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं। वहीं नयापारा स्थित सिटी क्लीनिक में रोजाना 150 लोगों की ओपीडी दर्ज हो रही है।
चिकित्सा अधिकारियों के मुताबिक जिन्हें पूर्व में कोविड 19 हो चुका हो या टीबी, बीपी शुगर आदि से ग्रसित हों, ऐसे लोगों को इस इन्फेक्शन का अधिक खतरा है। हालांकि ऑक्सीजन चढ़ाने जैसी स्थिति नहीं है। लेकिन लंबे समय से फ ीवर भी कम नहीं हो रहा है। चिकित्सकों का कहना है कोविड के असर के फलस्वरूप लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो गई है। ऐसे में सामान्य फीवर में भी पीडि़त व्यक्ति कमजोर हो रहा है। सुबह धूप, शाम बारिश की वजह से भी वायरल के मरीज बढ़ रहे हैं।
विभागीय जानकारी के अनुसार शहर सहित जिले भर के शासकीय तथा निजी अस्पतालों में वायरल फीवर के मरीजों की संख्या बढऩे लगी है। सामान्य तौर पर वायरल फीवर 2 से 4 दिनों तक रहता है। लेकिन वर्तमान में यह फ ीवर सप्ताह से 11 दिनों तक मरीजों के शरीर में ठहर रहा है। जिससे लोगों में कमजोरी,थकान जैसी समस्याएं हो रही हैं। बहुत से मामलों में बुखार लंबा समय तक रुककर निमोनिया में परिवर्तित हो रहा है। फलस्वरूप मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराने की नौबत भी आ रही है।
अकालपुरख अस्पताल महासमुंद में अभी 30 के आसपास मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। शहर समेत जिले के कई सरकारी तथा प्राइवेट अस्पतालों में इन दिनों सर्वाधिक बुखार कांसी के मरीज आ रहे हैं। डेंगू, कोरोना तथा टायफाइड की जांच कराई जा रही है। मरीजों की संख्या अधिक होने की वजह से कोरोना काल जैसे हालात बने हुए हैं। फर्क इतना है कि इससे मृत्यु नहीं हो रही लेकिन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराने की आवश्यकता पड़ रही है।