महासमुन्द
कहा-बेटियों को दान देने से बड़ा कोई दान नहीं
महासमुंद, 28 सितम्बर। महासमुंद जिले के बागबाहरा में आहुत श्रीमद भागवत महापुराण महायज्ञ के कथा वाचक ने कथा की चढ़ोत्तरी में से 51 हजार रुपए निर्धन परिवार की पुत्री के लिये विवाह हेतु कन्यादान के रूप में दिया है। उन्होंने कहा है् कि बेटी को आत्मनिर्भर बनाने के लिये, उच्चतम शिक्षा कार्य हेतु भी इस राशि का उपयोग किया जा सकता है। यह प्रेरक प्रसंग अग्रसेन भवन बागबाहरा में चल रहे भागवत महापुराण के समापन दिवस पर देखने को मिला। जहां कथा वाचक सिलयारी धाम के चाय वाले बाबा के नाम से विख्यात आचार्य नरेन्द्र नायक शास्त्री ने चढ़ोत्तरी में से 51 हजार रुपए एक निर्धन परिवार की पुत्री के लिये कन्यादान के रूप में दिया है।
उन्होंने बताया कि आज से पूर्व तक वे 290 निर्धन परिवार की कन्याओं का विवाह करवा चुके हैं। अब बढक़र 291 हो जायेगा। उन्होंने कहा कि बेटियों के लिए किया गया दान सबसे बड़ा दान होता है। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई निर्धन परिवार जो अपनी पुत्री का विवाह करने में अक्षम हो, सिलयारी धाम आ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भागवत कथा भी सिखाती है कि आज जो है, जिसके पास है, वह सब यहीं रह जायेगा। मृत्योपरांत उसके साथ सिर्फ पुण्य कर्म ही जाते हैं।
अत: जब भी, जहां भी पुण्य कार्य करने का कोई अवसर मिले, मनुष्य को उसे अपनी सामथ्र्यनुसार अवश्य करना चाहिये। उन्होंने कहा कि हम अपनी ही बेटियों को संस्कारित बनायें साथ ही आत्मनिर्भर भी बनायें। यही भविष्य में उसके जीवन का मुख्य आधार भी रहेगा। उन्होंने उन कहा कि कलयुग की आयु 4.32 लाख वर्ष की है। अभी सिर्फ 5706 वर्ष ही हुए हैं।
मनुष्य का कल्याण कलयुग में भगवान नाम के स्मरण मात्र से हो जायेगा। सबसे बड़ा तीर्थ हमारी भक्ति ही होगी। अत: भक्ति भाव से भगवन नाम का स्मरण ही भवसागर पार करा सकता है।