महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 सितंबर। कोमाखान पुलिस ने कार से 50 लाख का एक क्विंटल गांजा जब्त कर 2 अन्तरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।
ज्ञात हो कि महासमुंद पुलिस ने वर्ष 2023 में अब तक 74 प्रकरणों में 140 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 12 करोड़ 70 लाख रुपए कीमती 5814 किलोग्राम गांजा एवं लगभग 2.5 करोड कीमत के 64 वाहन जब्त किया है।
25 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने थानों की पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई के लिए अलर्ट किया था। पुलिस की टीम संंदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी, तभी नुवापाड़ा, खरियार रोड ओडिशा की तरफ से एक मारूति डिजायर कार रफ्तार से आते दिखी।
मुखबिर से मिली सूचना के अनुसार उक्त कार को रोका रोड टेमरे नाका के पास रोका गया। कार में 2 व्यक्ति सवार थे। कार सवार लोगों ने पुलिस को अपना नाम विवेक जाधव (33 वर्ष) नारायनपुर महाराष्ट्र हाल मुकाम साटेगांव महाराष्ट्र तथा रोशन इंगले (30) ग्राम साटेगांव महाराष्ट्र बताया।
दोनों ने पुलिस को ओडिशा आने का कारण बताया। संदेह के आधार पर उनके कार की तलाशी ली गई तो पीछे की डिक्की में 20 खाखी रंग की झिल्ली से पैक कुल 100 किलो ग्राम गांजा मिला। आरोपियों को अवैध मादक पदार्थ गांजा रखने एवं परिवहन करने के संबंध वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया। लेकिन उनके पास दस्तावेज नहीं थे। अत: मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 01 क्विंटल गांजा कीमती लगभग 50 लाख रुपए, मारूति डिजायर कार कीमती लगभग 5 लाख रुपए, नगदी रकम 4 हजार रुपए, एक मोबाइल जब्त किया है। आरोपियों ने ओडि़शा से गांजा लाकर महाराष्ट्र में बिक्री करना बताया। आरोपियों के विरुध्द धारा 20 ख, एनडीपीएस के तहत थाना कोमाखान में कार्रवाई की गई।