महासमुन्द
विरोध में उतरे त्रिभुवन महिलांग, कहा-फैक्ट्री खुलने से ग्रामीणों की जनभावना आहत होगी, विरोध प्रदर्शन करेंगे
महासमुंद, 27 सितम्बर। कांग्रेस नेता व पूर्व नपा उपाध्यक्ष त्रिभुवन महिलांग ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि ग्राम अछोली-बेलटुकरी के मध्य करीब 35 एकड़ की जमीन पर दुर्ग-भिलाई की पिकाडली एग्रो इंड्रस्टीज लिमिटेड द्वारा वॉटर डिस्टलेरी व ऑइल फैक्ट्री की आड़ में शराब फैक्ट्री खोलने की तैयारी की जा रही है, जिसका ग्रामीणों के साथ पुरजोर विरोध जारी है।
श्री महिलांग ने जारी विज्ञप्ति में बताया है कि ग्रामीणों के अनुसार उक्त स्थान पर फर्म द्वारा वॉटर डिस्टलेरीऑइल प्लांट की जगह लिकवर शराब फैक्ट्री खोलने की तैयारी की जा रही है। जिसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी उन्हें दी है। उन्हें ग्रामीणों ने बताया कि जिस स्थान पर फैक्ट्री खोला जाना प्रस्तावित है, वह मार्ग राम वन गमन पथ के साथ ही बाबा गुरु घासीदास की कर्मस्थली और जन्मस्थली जाने का भी मार्ग है। जिसमें ग्रामीणों की धार्मिक आस्था जुड़ी हुई है।
श्री महिलांग ने कहा कि उक्त स्थान पर फैक्ट्री खुलने से ग्रामीणों की जनभावना आहत होगी। इसके अलावा शराब की फैक्ट्री खुलने से आसपास के दर्जनभर से अधिक गांवों का शांतिपूर्ण माहौल भी खराब होगा। उन्होंने ग्रामीणों की धार्मिक आस्था और जनभावना के साथ ही उनकी मांग का भी समर्थन किया है।
श्री महिलांग ने मामले की लिखित शिकायत मंगलवार को कलेक्टर और एसपी से की है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उक्त स्थान पर फैक्ट्री खोलने के लिए अनुमति न दी जाए। श्री महिलांग ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन द्वारा इसकी अनुमति देती है तो ग्रामीणों के साथ वे भी फैक्ट्री के खिलाफ उग्र विरोध प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे।
उन्होंने आगे कहा कि फैक्ट्री के संबंध में आगामी 29 सितंबर को जनसुनवाई होना है। जहां उनके नेतृत्व में ग्राम कांपा से रुपेश मांडले, हेमंत कुर्रे, तुमगांव से राजेश सोनवानी, विनय जोगी, भोरिंग से अभिषेक नेहरू, शुभम मन्नाडे, अछौली से कुणाल सतनामी, राहुल टंडन, बेलटूकरी से चम्मन मारकंडेय, शुभम गायकवाड़, अमावस से डिगेश्वर सत्यम, मनोज ढीढी, खैरझीटी से सुरेंद्र पाटले, संजय घृतलहरे, तेंदवाही से चम्मन कोसले, सुशील बघेल, कुकराडीह से रंजीत बांधे, तुलेश डहरिया, आछोला से पुनाराम घृतलहरे, भूपेंद्र यादव, गढशिवनी से सांतनु दास साय, वीरेंद्र कुमार, पीढ़ी से राकेश निषाद, परसाडीह से मुकेश ध्रुव, चैन सिंग ध्रुव और ग्राम गुड़रुडीह से ऐम कुमार ध्रुव, लोकेश्वर ध्रुव सहित अन्य ग्रामीणों के साथ पहुंचकर फेक्ट्री को लेकर आपत्ति दर्ज कराते हुए विरोध प्रदर्शन करेंगे।