महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 सितंबर। मंगलवार को कोयला व्यापारी सूर्यकांत तिवारी के खिलाफ ईडी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महासमुंद पहुंचकर सूर्यकांत तिवारी और उनके चाचा लक्ष्मीकांत तिवारी के महासमुंद ब्लॉक में स्थित 6 से ज्यादा अचल संपत्ति को सीज किया है।
जानकारी मिली है कि मंगलवार को दोपहर टीम महासमुंद पहुंची थी। महासमुंद पहुंचते ही ईडी अफसरों की टीम ने राजस्व टीम को लेकर सूर्यकांत तिवारी और उनके चाचा लक्ष्मीकांत तिवारी की त्रिमूर्ति कॉलोनी में निर्माणाधीन भवन, शंकर नगर स्थित मकान, पटेवा, सिनोधा, खरोरा और बेलसोंड़ा में स्थित कृषि भूमि और भवन मकानों को सीज किया है।
ईडी की टीम ने भारत सरकार के तहत मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट के तहत नोटिस बोर्ड चस्पा किया और मकानों को सील कर दिया है। इस पूरे मामले में स्थानीय अधिकारियों ने बयान देने से या चर्चा करने से साफ इंकार कर दिया है। कार्रवाई के लिए 2 अफ सर महासमुंद पहुंचे थे। इनके साथ एक राजस्व अधिकारी भी शामिल थे।
संभावना व्यक्त की जा रही है कि इन अफसरों की टीम अगले 5-6 दिनों में दोबारा महासमुंद आ सकती है। सीज की गई संपत्ति की अभी पूरी जानकारी अधिकारियों के तरफ से नहीं दी गई है। लेकिन इसकी कीमत करोड़ों में बताई जा रही है।
मालूम हो कि पिछले साल अक्टूबर 2022 में कोयला ट्रांसपोर्टिंग में 25 रुपए टन की अवैध उगाही और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सूर्यकांत तिवारी, छत्तीसगढ़ के कई नेताओं, अधिकारियों, व्यापारियों के यहां छापा मारा था।

