महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 सितंबर। महासमुंद पुलिस ने नशे का कारोबार करने वाले 5 अंतरराज्यीय तस्करों को हिरासत में लिया है। आरोपियों से साढ़े पांच लाख रुपए की अवैध नशीली इंजेक्शन, दवाईयां एवं हेरोइन के अलावा तस्करी में प्रयुक्त वाहन को बरामद किया है।
मालूम हो कि आगामी चुनाव के मद्देनजर महासमुंद पुलिस जिले के चप्पे-चप्पे में जांच अभियान चला रही है। इसी के तहत पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह को सूचना मिली कि महासमुंद क्षेत्र में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली ड्रग्स कैप्सूल व इंजेक्शन का अवैध व्यापार किया जा रहा हैै। महासमुंद जिले में कफ सिर्फ, नशीले कैप्सूल, इंजेक्शन आदि दवाईयां अन्य राज्यों से लाकर भारी मात्रा में खपाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए समस्त थाना/चौकी प्रभारियों व सायबर सेल टीम को अलर्ट किया। मुखबिर लगाकर आरोपियों की पता तलाश शुरू की गई।
सोमवार को पता चला कि थाना बागबाहरा क्षेत्र में बागबाहरा बस स्टैण्ड के पास भारी मात्रा में इंजेक्शन व नशीली टेबलेट बिक्री करने हेतु रखा है। पुलिस की टीम मुखबिर की निशानदेही पर मौके पहुंची और घेराबंदी कर 5 व्यक्तियों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नाम रविनारायण दीप (30 वर्ष) जानसेठ थाना पईकमाल ओडिशा, निलेश शर्मा (31 वर्ष) वार्ड नं. 12 सरायपाली जिला महासमुंद, कौशल सोनी (23 वर्ष) वार्ड नं. 1 सरायपाली, हरकिशन ताण्डी (34 वर्ष) सहीपाला ओडिशा तथा चैतन्य (23 वर्ष) सहीपाला थाना नुआपाडा, ओडिशा बताया।
पुलिस ने आरोपियों की तलाशी ली तो भारी मात्रा में कफ सिरप, नशीले टैबलेट, नशे के इंजेक्शन मिले। पुलिस टीम ने उक्त दवाईयों को रखने एवं परिवहन करने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने कहा। लेकिन आरोपियों ने कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया।
फलस्वरूप आरोपियों से कुल 64 पैकेट टेबलेट, प्रत्येक पैकेट में 10-10 पत्ता व प्रत्येक पत्ते में 2000 नग टैबलेट कीमती 12350रुए एवं 27 पैकेट इंजेक्शन, प्रत्येक पैकेट में 10-10 पत्ता व प्रत्येक पत्ता 5 इंजेक्शन 1500 नग इंजेक्शन कीमती 12690 रुपए, आरोपी कौशल सोनी के जेब से पारदर्शी पालिथिन में रखा 09 ग्राम मादक पदार्थ हेरोइन, कीमती 4 लाख रुपए, एक मोटर सायकल कीमती 60 हजार रुपए एवं 4 नग मोबाइल कीमती लगभग 49 हजार रुपए,कुल जुमला कीमती 53 लाख 40 हजार 40 रुपए बरामद कर आरोपियों के विरूद्ध थाना बागबाहरा में अपराध/धारा 21, 22 नारकोटिक एक्ट के तहत् कार्रवाई की गई है।