महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 सितम्बर। सीएमएचओ के घेराव के बाद आदित्य अस्पताल के डायरेक्टर पर गैर इरादतन हत्या का जुर्म दर्ज किया गया, वहीं मेडिकल कॉलेज के एनिस्थिसिया स्पेशलिस्ट को निजी अस्पताल में सेवा देने के आरोप में शो-कॉज नोटिस जारी किया गया।
ज्ञात हो कि आदित्य हॉस्पिटल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान शनिवार को महिला की मौत हो गई थी। मामले में प्रबंधन और ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर भीम आर्मी और छत्तीसगढ़ प्रगतिशील सतनामी समाज ने सीएमएचओ कार्यालय का घेराव किया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और अस्पताल के डायरेक्टर पर गैर इरादतन हत्या का जुर्म दर्ज किया गया। वहीं मेडिकल कॉलेज के एनिस्थिसिया स्पेशलिस्ट जिन पर घटना के दिन निजी अस्पताल में सेवा देने का आरोप लगा है, उनसे डीन ने शो-कॉज नोटिस जारी कर 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा है।
मालूम हो कि महासमुंद के आदित्य हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान बागबाहरा निवासी खोलबाहरिन बाई (50 वर्ष) की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने डॉक्टरों के खिलाफ लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में एसपी धर्मेद्र सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत की जांच के बाद हॉस्पिटल संचालक पर लापरवाही और गैर इरादतन हत्या का जुर्म दर्ज कर लिया गया है। जांच के लिए पांच डॉक्टरों की टीम बनाई है। इसमें एक सर्जन सहित डॉ.कुलवंत आजमानी, डॉ.व छत्रपाल चंद्राकर, डॉ. अनिरूद्ध कसार, बीएमओ तुमगांव, डॉ. चंद्रशेखर निर्मलकर, सहायक ग्रेड-03 सीएमएचओ कार्यालय को शामिल किया गया है।