महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 26 सितम्बर। शहर को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 2023 मनाया जा रहा है। इसी के तहत सोमवार को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने हेतु जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल सफाई मित्रों के द्वारा नगर में आम जनमानस को प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पॉलीथिन इतनी खतरनाक चीज है कि यदि उसे मिट्टी में खाली छोड़ दी जाए तो वह नष्ट नहीं होती बल्कि मिट्टी में दब जाती है। वह मिट्टी ही नहीं बल्कि जमीन की आत्मा को ही नष्ट कर देती है। मिट्टी की सारी उर्वरा शक्ति को खत्म कर देती है। इसलिए हमें इसका उपयोग पूरी तरह से बंद करना होगा।
रैली में प्रमुख रूप से प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक दिलीप चन्द्राकर,स्वच्छ भारत मिशन के नौशाद बक्श, रमा महानंद, टिकेश्वरी मिरी, हेमलता शर्मा, सहित मिशन क्लिन सिटी के समस्त सफाई मित्र, स्वच्छता दीदियां शामिल रही। स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा अंतर्गत पालिका द्वारा आगामी दिनों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 28 को शहर के स्कूलों में चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिता, 29 को शहर के उद्यानों में वृक्षारोपण कार्यक्रम और 2 अक्टूबर को गांधी चौक में सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी।