महासमुन्द
स्कूल मैदान में चारों तरफ कचरा ही कचरा, बदबू, जगह-जगह जूठे भोजन की ढेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 सितम्बर। महासमुंद स्थित हाई स्कूल मैदान में कल भाजपा की परिवर्तन सभा हुई। इसमें शामिल लोगों ने खाना खाकर प्लास्टिक की प्लेटें, बचा हुआ खाना, पानी की खाली बोतलें बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनने वाले जगह, स्कूल के मैदान में चारों ओर फेंक दिया। किसी को इस बात की जरा भी सुध नहीं रही कि यहां बच्चे पढऩे भी आते हैं। कार्यक्रम आहुत कराने वालों ने भी स्कूल की सफाई को लेकर उत्सुकता नहीं दिखाई। आज सुबह जब बच्चे स्कूल गए तो उन्हें भयंकर सड़ांध महसूस हुई। शिक्षकों, स्कूल कर्मचारियों ने बच्चों के साथ जाकर देखा तो वहां बेतहाशा बदबू थी और सड़े हुए खाने की बदबू स्कूल के कमरों तक पहुंच रही थी।
जब इसकी सफाई की बात आई तो प्राचार्य ने 12 सौ रुपए मासिक में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को काम पर लगा दिया। कर्मचारियों ने इसका विरोध किया और नगरपालिका से सफाई कर्मचारी बुलाने कहा, लेकिन स्कूल प्रशासन तैयार नहीं हुआ और हारकर 12 सौ रुपए मासिक में काम करने वाले सफाई कर्मचारियों ने ही सफाई व्यवस्था संभाली।
इस मामले में डीईओ मीता मुखर्जी ने कहा कि स्कूल में गंदगी करना गलत बात है और अगर हुई भी तो नगरपालिका से कर्मचारी बुला वहां की सफाई करवानी चाहिए थी।
मालूूम हो कि कल महासमुंद आदर्श हाई स्कूल परिसर में भाजपा परिवर्तन यात्रा कार्यक्रम की सभा थी। सभा में पहुंचे लोगों के लिए पानी और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। जब तक कार्यक्रम चला, लोग खाते-पीते रहे और जूठा खाना-पानी की बोतलें-पाउच स्कूल के खाली जगहों में फेंकते रहे। कल शाम तक किसी को इस बात की कानों कान खबर नहीं लगी। आज जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो उन्होंने सड़ांध महसूस किया।
स्कूल मैदान में चारों ओर कचरा ही कचरा था। बच्चे जैसे-जैसे कक्षा की ओर गए, उन्हें भयंकर बदबू महसूस हुआ। उन्होंने देखा कि मध्यान्ह भोजन वाले जगह में जूठे भोजन की ढेरी है। मक्खियांं भिनभिना रहीं हैं। अत: कुछ बच्चों ने स्कूल से बाहर आकर किसी के फोन से छत्तीसगढ़ अखबार को इसकी सूचना दी। वहां पहुंचने पर बच्चों की खबर सही निकली।
जब मैं वहां पहुंची-मध्यान्ह भोजन वाला स्थान गंदगी से अटा पड़ा था। स्कूल की टेबल कुर्सियों को बाहर लान में लाकर लोगों ने खाने के बाद गंदगी छोड़ी थी। 12 सौ रुपए मासिक दर पर काम रहीं कुछ महिलाएं जूठे भोजन-गंदगी साफ कर रही थीं। उन्होंने कहा कि स्कूल के प्राचार्य के आदेश से काम कर रहीं हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि यह बात गलत है। नगरपालिका से सफाई कर्मचारी बुलाना चाहिए। समाचार लिखते तक स्कूल के मैदान, मध्यान्ह भोजन बनाने के स्थान आदि की सफाई जारी थी। कहा गया था कि सफाई होते ही इसी स्थान पर बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन बनाया जाएगा।
