महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,24 सितम्बर। पिछले दो दिन से लगातार हो रही बारिश और पानी की आवक को मेंटेन करने निसदा बैराज के 18 गेट खोल दिए जाने से महानदी का जल स्तर बढ़ गया है। मालूम हो कि बुधवार शाम से बारिश का सिलसिला एक बार फिर शुरू हुआ है जो आज रविवार तक जारी है।
मौसम विभाग ने आज भी मध्यम बारिश की संभावना जताई है। लगातार बारिश के चलते खेत-खलिहान, तालाब, नालों और नदियों का जल स्तर बढ़ा है। बीते 21 सितंबर से अब तक जिलेभर में 23.8 मिमी बारिश हुई है। हालांकि शुक्रवार को मात्र 7.5 मिमी बारिश ही हुई है। कैचमेंट एरिया में बारिश होने से महानदी में पानी की आवक बनी हुई है।
इस संबंध में बैराज प्रभारी शारदा चंद्रा ने बताया कि पिछले दो दिन से पूरे क्षेत्र में बारिश हो रही है। कैचमेंट एरिया से पानी की आवक नदी में बनी हुई है। बैराज के 18 गेट को मेंटेन करने के लिए खोल दिया गया है। वहीं समोदा बैराज के भी गेट को खोला गया है। निसदा बैराज में कुल 24 गेट हैं जिसमें 12 गेट महासमुंद और 12 गेट आरंग की ओर है।