महासमुन्द

कांग्रेस नेताओं के विरूद्ध काला आरोप पत्र जारी करने कल महासमुंद पहुंचेगी भाजपा की परिवर्तन यात्रा
23-Sep-2023 2:11 PM
कांग्रेस नेताओं के विरूद्ध काला आरोप पत्र जारी करने कल महासमुंद पहुंचेगी भाजपा की परिवर्तन यात्रा

महासमुंद,23 सितम्बर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव के नेतृत्व में दंतेवाड़ा से शुरू हुई परिवर्तन यात्रा 24 सितंबर को महासमुंद विधानसभा पहुंचेगी।

कार्यक्रम के तहत दोपहर 1 बजे हाईस्कूल मैदान में विधानसभा महासमुंद के 10 हजार नागरिकों की उपस्थिति में सभा को केंद्रीय भाजपा नेता अरुण साव, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय, शिवरतन शर्मा, जिलाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी, सांसद चुन्नीलाल साहू, बिहार विस के उप सचेतक दिलीप जायसवाल, जिला प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, विस प्रभारी प्रफुल्ल विश्वकर्मा, पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर सहित स्थानीय नेता संबोधित करेंगे। उक्त बातें पूर्व विधायक डॉ.विमल चोपड़ा ने प्रेस क्लब में कल अपरान्ह पत्रकारों को दी है।

डॉ. चोपड़ा ने कहा कि सभा में प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर जागरूकता फैलायी जायेगी। वहीं रेत, शराब, गुटखा, भू-माफिया, ट्रांसफर माफिया, असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने वाली कांग्रेसी नेताओं की कारगुजारियों को उजागर किया जाएगा। उनका मानना है कि जनता बेसब्री से इस बात का इंतजार कर रही है कि आगामी समय में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने। इसलिए छत्तीसगढ़ में परिवर्तन कर लोक हितकारी विस चुनाव में छग में भाजपा सरकार बनाने का आव्हान कर मताताओं से अपील की जाएगी कि अपना मत देकर भाजपा सरकार को स्थापित करें।

पूर्व विधायक डॉ. चोपड़ा ने बताया कि स्थानीय विधायक एवं कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध यह परिवर्तन यात्रा अरूण साव के नेतृत्व में निकलेगी जिसमें कांग्रेस नेताओं के खिलाफ काला आरोप पत्र जारी किया जाएगा। कल रविवार को यह यात्रा दोपहर 12.30 बजे आरंग की तरफ से नदी मोड़ होते हुए घोड़ारी में प्रवेश करेगी। यहां से परिवर्तन यात्रा महासमुंद पहुंचेगी। नदी मोड़ से महासमुंद तक इस यात्रा की अगुवानी अपने सैकड़ों साथियों के साथ मोटर साइकिल रैली की शक्ल में राहुल चंद्राकर करेंगे। इस बीच कई स्थानों पर यात्रा का स्वागत कार्यक्रम भी है।

इसके पश्चात परिवर्तन यात्रा महासमुंद स्थित आदर्श हाई स्कूल पहुंचेगी जहां एक वृहद महती सभा का आयोजन होगा। इस सभा में लगभग 10 हजार लोग शामिल होंगे। सभा को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक तैयारियांं हो चुकी है। कार्यक्रम को मूर्त रूप देने के लिए प्रभारियों ने सरपंचों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों से मुलाकात की है।

डॉ. चोपड़ा के मुताबिक कांग्रेस सरकार एवं स्थानीय विधायक ने महासमुंद को 50 साल पीछे धकेल दिया है। शुक्रवार को प्रेसवार्ता के दौरान पूर्व राज्यमंत्री पूनम चंद्राकर, मोती साहू, सतपाल पाली, देवीचंद राठी समेत दर्जन बर भाजपा पदाधिकारी शामिल थे।


अन्य पोस्ट