महासमुन्द
45 हजार रक्त पट्टिकाओं की जांच में नए मरीजों की पुष्टि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 सितंबर। महासमुंद जिले के सिरपुर,बागबाहरा ब्लॉक के हाथीबाहरा,पिथौरा तथा सरायपाली में मलेरिया के एक-एक नए मरीज मिले हैं। मरीजों को तत्काल मलेरिया रोधी दवाएं दी गई हैं तथा एहतियात बरतने कहा गया है। इस तरह मलेरिया मुक्ति की ओर आगे बढ़ रहे महासमुंद जिले में एक बार फिर 5 मरीज धनात्मक मिले हैं।
मलेरिया से मुक्ति के लिए जिले में 4-5 सालों से वृहद कार्यक्रम चलाया जा रहा था। इसमें मलेरिया विभाग को सफलता भी मिल रही थी। लेकिन एकाएक इसी माह 5 मलेरिया धनात्मक मिले मरीजों से विभाग की चिंता बढ़ गई है। जानकारी अनुसार जिले में 45 हजार रक्त पट्टिकाओं की जांच में नए मरीजों की पुष्टि हुई है।
उन्होंंने कहा कि मलेरिया विभाग द्वारा नए मरीजों को निगरानी में रखकर उनका उपचार किया जा रहा है। साथ ही संबंधित ग्रामों में कांटेक्ट ट्रेसिंग किया जा रहा है। जुलाई माह में ही जिले भर में कुल 3 मरीजों की पुष्टि हुई थी। बारिश की वजह से शहर में जगह-जगह पानी जमा होने की वजह से अब डेंगू तथा मलेरिया का खतरा शुरू हो गया है। हालांकि शहर में डेंगू के एक भी केस सामने नहीं आया है। यह अच्छी बात है कि अब तक हमारा जिला डेंगू को लेकर सुरक्षित है।
डॉक्टरों के मुताबिक बारिश से जमा पानी में मच्छर पनप रहे हैं। फलस्वरूप संवेदनशील इलाकों में मलेरिया के मरीज सामने आ रहे हैं। इन दिनों बुखार आने पर अत्यधिक विलंब न करते हुए तुरंत मलेरिया तथा डेंगू की जांच कराना चाहिए। विभाग की ओर से मलेरिया विभाग ने पीडि़त मरीजों का उपचार शुरू करने के साथ ही पूरे परिवार का भी रेपिड टेस्ट लिया है। जुलाई में लिए गए सेम्पल की रिपोर्ट फिलहाल नहीं आई है।
मिली जानकारी के अनुसार बारिश के साथ ही आई फ्लू, रैन फ्लू, दस्त, उल्टी के मरीजों की संख्या तो बढ़ ही रही साथ ही मलेरिया के मरीज भी मिल रहे हैं। इसे देखते हुए जिला मलेरिया विभाग ने जिले भर में 45 हजार रक्त पट्टिकाएं तैयार की है।