महासमुन्द

आशियाना वृद्धाश्रम में मना विश्व अल्जाइमर दिवस, किया जागरूक
22-Sep-2023 4:02 PM
आशियाना वृद्धाश्रम में मना विश्व अल्जाइमर दिवस, किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 22 सितंबर। गुरुवार को राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत वल्र्ड अल्जाइमर डे का आयोजन आशियाना वृद्ध आश्रम महासमुंद में मनाया गया। इस अवसर पर डॉ. पी कुदेशिया मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, नीलू घृतलहरे डीपीएम एनएचएम और डॉ. सी पी चंद्राकर नोडल अधिकारी मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के समनवय से मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय स्पर्श क्लिनिक महासमुंद से राम गोपाल खूंटे मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता के द्वारा 23 बुजुर्गों को जागरूक किया गया।

डॉ. पी कुदेशिया के मुताबिक वैश्विक स्तर पर बढ़ते अल्जाइमर रोग को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने और इसकी रोकथाम को लेकर प्रयासों के लिए हर साल 21 सितंबर को विश्व अल्जाइमर दिवस मनाया जाता है। यह बढऩे वाला और खतरनाक दिमागी रोग है। अल्जाइमर से दिमाग की कोशिकाएं नष्ट हो जाती हैं। जिसके कारण याददाश्त, सोचने की शक्ति और अन्य व्यवहार बदलने लगते हैं।

देर से शुरू होने वाले याददाश्त को अल्जाइमर रोग के रूप में परिभाषित किया गया है। यह तब विकसित होता है जब कोई व्यक्ति 65 वर्ष या उससे अधिक का हो जाता है। अल्जाइमर से पीडि़त अधिकांश लोगों में यह 65 वर्ष के बाद विकसित होता है। मस्तिष्क में परिवर्तन के कारण अल्जाइमर देर से शुरू होता है जबकि लक्षण प्रकट होने से वर्षों पहले ही अल्जाइमर शुरू हो जाता है।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में अल्जाइमर का कोई इलाज नहीं है। लेकिन दवा और गैर दवा उपचार दोनों संज्ञानात्मक और व्यवहारिक लक्षणों के साथ मदद कर सकते हैं। डिमेंशिया वाले लोगों के लिए रोग के पाठ्यक्रम को बदलने और जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए शोधकर्ता नए उपचार की तलाश कर रहे हंै। दवाओं से अल्जाइमर रोगों के लक्षणों और लाइफ क्वालिटी में थोड़ा सुधार हो सकता है।  लेकिन अभी तक इस बीमारी का कोई स्थायी इलाज नहीं है। इससे बचाव सबसे आसान और बेहर इलाज सिर्फ  उचित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवन शैली है।


अन्य पोस्ट