महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 21 सितंबर। समीप के देवपुर वन परिक्षेत्र के समीप गांव में खुले आम सागौन के लठ्ठे चीरते हुए वायरल हुई वीडियो के बाद देवपुर वन विभाग द्वारा विगत माह एक सागौन लठ्ठा जब्त किया था। उक्त घटना के माह भर बाद भी इसके आरोपी को पकड़ा नहीं जा सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त सागौन लकड़ी से भारी मात्रा में फर्नीचर का निर्माण कर वन अधिकारियों के लिए किया गया। निर्माण करने के बाद भी इतने वनोपज नाका होने के बाद भी उक्त सागौन लकड़ी की निकासी कैसे हो गई?
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार विगत माह पहले देवपुर मुख्यालय से महज आधा किलोमीटर दूरी पर स्थित नावाडीह गांव में स्कूल के बाजू में खुले आसमान के नीचे कुछ ग्रामीण सागौन गोला चिरते दिखे थे। जिसमें कुछ सागौन के गोले मौके पर ही दिखाई दे रहे थे। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद वन अधिकारियों द्वारा छापा मारा गया, जहां पर मौके से एक सागौन का गोला जब्त कर की गई।
ग्रामीणों के अनुसार उक्त जगह पर करीब 6 माह से सागौन लकड़ी की चिराई निरंतर किया जा रहा था। मुख्यालय से महज आधा किलोमीटर दूरी पर खुलेआम चिरई का कार्य किसके आदेश पर हो रहा था? वह किसके देखरेख में किया जा रहा था, इन प्रश्नों के उत्तर आज भी अनुत्तरित है।
ग्रामीणों ने बताया था वीडियो में चिरई करते ग्रामीण स्पष्ट दिख रहे हैं जो कि आसपास के ग्राम के होना बताया जा रहा है, तब उनसे उनका बयान क्यों नहीं लिया गया। गांव के कुछ ग्रामीणों ने बताया कि अगर कोई ग्रामीण मजदूर थोड़ा सा जलाऊ लकड़ी या रोजमर्रा का लकड़ी लेकर आते हैं तो वन अधिकारी जब्ती की कार्रवाई करते हैं और भारी भरकम जुर्माना वसूल करते हैं साथ ही साइकिल को भी जब्त कर लेते हैं।
इस संबंध में सहायक परिक्षेत्र देवपुर शालिक राम डडसेना ने बताया कि मामला करीब 10 महीना पुराना है सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद एक सागौन का गोला मौके से जब्त किया गया था। सागौन लकड़ी कौन चिराई कर रहा था, इस प्रश्न पर श्री डड़सेना ने कोई जवाब नहीं दिया।