महासमुन्द
टेमरी का अवलोकन कर पंचायती राज अंतर्गत चलाए जा रहे कार्यक्रम के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,14 सितंबर। भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के अवर सचिव सी एस कुमार ने कल बागबाहरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत टेमरी का अवलोकन किया। उन्होंने यहां पंचायती राज अंतर्गत चलाए जा रहे कार्यक्रम के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने ग्राम सभा द्वारा किये प्रस्ताव पंजी का अवलोकन भी किया। साथ ही ग्राम पंचायत की समग्र विकास के लिए बनाए गए योजना डीपीईपी का भी अवलोकन किया।
श्री कुमार ने यहां किए जा रहे कार्यों की खुलकर सराहना की। वे महिला समूह द्वारा बनाए गए विभिन्न उत्पादों को देखकर प्रभावित हुए बिना नहीं रह सके। रीपा अंतर्गत यहां महिला समूह द्वारा अगरबत्ती, नमकीन, एलईडी बल्ब, दीया, बांस के फूल जैसे उत्पादों को देखकर प्रभावित हुए। इस दौरान उन्होंने ग्राम के सरपंच धनेश्वरी साहू से चर्चा करते हुए क्रियान्वयन की जानकारी ली।
सरपंच ने बताया कि गांव में अभी स्वच्छ भारत मिशन के तहत सुबह.शाम प्रतिदिन कचरा का कलेक्शन किया जा रहा है। जिससे गांव में सफाई की बेहतर व्यवस्था है। अभी बरसात के सीजन में पूरे गांव में 600 नारियल के पेड़ लगाए गए हैं। इसके अलावा सामुदायिक शौचालय की साफ सफाई नियमित तौर पर की जा रही है।
ग्रामीणों ने भी बताया कि गांव में विकास के लिए सभी एकजुट हैं। यहां शराब और जुआ जैसे अनैतिक कार्यों के लिए दंड का प्रावधान है। सरपंच ने जब बताया कि गांव के तालाब का सौंदर्यीकरण हो रहा है, तो उन्होंने तालाब जाकर अवलोकन किया। इस दौरान जानकारी दी गयी कि यहां मछली पालन का कार्य भी किया जाता है। उन्होंने इस काम की प्रशंसा की। तालाब के मेंड़ों में सोलर लाइट लगा हुआ है।
श्री कुमार ने गांव के विकास और पंचायती राज क्रियान्वयन के लिए किये जा रहे कार्यों को लेकर काफी प्रसन्नता जाहिर की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एस आलोक ने पंचायती राज के तहत की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्य के नोडल अधिकारी पंचायत नकुल वर्मा,एस आईं आर डी के प्रशिक्षक डा. अशोक जायसवाल, अनुविभागीय अधिकारी सृष्टि चंद्राकर, जनपद सीईओ फकीर चरण पटेल, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्राम सभा के सदस्य मौजूद थे।