महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 सितंबर। पेशी में आये मुजरिम को घर का खाना खिलाने के नाम पर न्यायालय परिसर में पुलिस जवानों से बहस कर रहे दो युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इस मामले को लेकर पुलिस जांच में जुटी हुई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश राव गिरेपुंजे से मिली जानकारी के अनुसार एनडीपीएस के एक मामले में गिरफ्तार एक आरोपी की आज महासमुंद में पेशी थी। सो पुलिस जवानों द्वारा उन्हें पेश करने के लिये न्यायालय लाया गया था। आरोपी के साथ उनके कुछ मित्र और अन्य युवक यहां पहुंचे थे। जो मुलजिम को घर का खाना खिलाने की जिद कर पुलिस जवानों से बहस करने लगे थे। इसकी सूचना जैसे ही पुलिस बल को मिली, पुलिस जवानों ने हंगामा कर रहे युवकों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में मनोज एवं एकलाख नामक मौदहापारा रायपुर निवासी दोनों युवकों के विरुद्ध धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है।