महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,13 सितंबर। दहेज प्रताडऩा के एक मामले में बसना कोर्ट ने पीडि़ता से ससुराल वाले 5 लोगों को एक-एक साल की सजा सुनाई है।
मामला यह है कि वाहिन खान बसना की बेटी शिबा परवीन की शादी मुस्लिम रीति रिवाज के साथ 19 मई 2013 को सोनू उर्फ इरफान के साथ बसना में ही हुई थी। ससुराल में वह 3 साल रही। दो बच्चे हुए। इस बीच लगातार दहजे की मांग, पैसे की मांग करते हुए शिबा को शारीरिक,मानसिक रुप से प्रताडि़त किया जाता रहा। वह लगातार दहेज का विरोध करती रहीं। इन्हें गर्भपात कराने कहा गया फिर भी वह नहीं मानीं तो एक दिन ससुराल के लोगों ने घर के अंदर शिबा को कैद कर गैस सिलेंडर का नॉब खोल दिया।
शिबा किसी तरह सुसराल घर से बाहर निकलीं और सीधे बसना थाने पहुंची। यहां थाने में उसका रिपोर्ट दर्ज नहीं किया गया। चूंकि बसना में ही शिबा का मायका है। अत: वह अपने मायके पहुंची।
पिता वाहिद खान ने अपनी बेटी का साथ दिया और किसी तरह थाने में वर्ष 2016 में मामला दर्ज हुआ। मामला दर्ज होने के सात साल बाद हाल ही में 17 अगस्त को इस मामले में बसना न्यायालय ने फैसला सुनाया है।
न्यायालय के फैसले के मुताबिक शिबा के दो देवर इमरान खान, शाहिद खान, ससुर इसराइल खान, सास रेहाना बेगम, पति इरफान खान उर्फ सोनू को एक-एक साल की सजा और एक-एक हजार रुपए का अर्थदंड मिला है।
शिबा के पिता वाहिद खान से हुई बातचीत में उन्होंने कहा कि देर से ही सही पर फैसला शिबा के पक्ष में आया है। सजा चाहे कितनी भी मिली हो, लेकिन गुनहगारों को बख्शा नहीं गया है। हमारा पूरा परिवार न्यायालय के इस फैसले का सम्मान करते हैं।
शिबा ने बताया कि अभी सोनू से उनका तलाक नहीं हुआ है। कोर्ट ने उन्हें 3000 रुपए प्रति माह भरण पोषण का आदेश दिया है, लेकिन साल भर बीत जाने के बाद भी भरण पोषण की एक रुपए भी नहीं मिल पाया है।
ज्ञात हो कि वर्ष 2022 में एक हिंदू लडक़ी से शादी के मामले में शिबा के पति और उसके परिवार के खिलाफ हिंदू संगठन के विरोध प्रदर्शन किया था।