महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 सितंबर। तुमगांव के समीप स्थित करणी कृपा पावर प्लांट से जुड़ी कतिपय अनियमितताएं तथा अपनी मांगों को लेकर प्रतिदिन धरना-प्रदर्शन कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले किसानों, महिलाओं ने आंदोलन के 565वें दिन कल जिला मुख्यालय आकर संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर के निवास के करीब प्रदर्शन कर नारेबाजी की। आंदोलनकारी उक्त प्लांट से संबंधित अपनी मांगों के निराकरण हेतु संसदीय सचिव व स्थानीय विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर से सहयोग चाहते हैं।
चूंकि श्री चंद्राकर कल आवश्यक कार्य से दौरे पर थे। लिहाजा उनके कार्यालय प्रमुख यदुनाथ पांडे ने बाहर आकर आंदोलनकारियों से चर्चा कर ज्ञापन लिया तथा उनकी भावनाओं को विधायक तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। तुमगांव के समीप हाईवे किनारे धरनारत किसानों के साथ कुछ गांवों के किसानों ने कल दोपहर महासमुंद लोहिया चौक से रैली निकाली। इसी तरह इनकी एक रैली बस स्टैंड के सामने बीते माह भी विधायक से मिलने आए थे और ज्ञापन सौंपा था।
किसानों का कहना है कि तब विधायक ने मांगों पर आश्वासन दिया था। लेकिन आज तक करणी कृपा प्लांट से 400 बाहरी श्रमिकों को निकालकर स्थानीय श्रमिकों को काम पर नहीं रखा गया। इसी तरह कोडार बांध का पानी उक्त उद्योग को देने संबंधी समझौता निरस्त करने की मांग भी पूरी नहीं हुई है। किसान हेमसागर पटेल की भूमि उक्त उद्योग की सीमा से मुक्त नहीं कराई गई। सिंचाई विभाग की नहर नाली पर कब्जा के मामले में एफआईआर नहीं की गई।
किसानों के मोर्चा ने प्लांट की बाउंड्रीवाल तोडक़र किसानों की भूमि मुक्त कराने की मांग की है। प्रदर्शन में किसान नेता जागेश्वर प्रसाद, वेगेंद्र के साथ अन्य किसान पहुंचे थे। रैली को एसडीओपी मंजूलता बाज के नेतृत्व में तैनात पुलिस ने विधायक के घर जानेवाली गली के मुहाने पर ही रोक लिया और उन्हें समझाने की कोशिश की। अंत में यदुनाथ पांडे से बातचीत के बाद किसान वापस लौटे।