महासमुन्द
आबकारी विभाग के प्रभारी और डिप्टी कलेक्टर को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 सितंबर। शराबबंदी की मांग को लेकर कल भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी और सदस्य जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी करने पहुंचीं, लेकिन कलेक्टोरेट गेट के बाहर उन्हें रोक दिया गया। इस दौरान महिला मोर्चा पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी हुई। इसके बाद आबकारी विभाग के प्रभारी और डिप्टी कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
सोमवार दोपहर करीब 12 बजे भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुधा साहू के नेतृत्व में मोर्चा की महिलाएं जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में तालाबंदी करने कलेक्टोरेट पहुंचीं। यहां उन्हें रोकने पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। यहां मोर्चा ने जिला प्रशासन, आबकारी और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और मोर्चा की महिलाओं के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। कुछ देर बाद डिप्टी लेक्टर मिशा कोसले पहुंचीं और ज्ञापन देने कहा। इस पर मोर्चा की महिलाएं आबकारी अधिकारी से मिलने की जिद पर अड़ी रहीं।
इसके बाद आबकारी विभाग के प्रभारी निधिश कोष्टी पहुंचे और ज्ञापन लिया। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुधा साहू ने बताया कि प्रदेश में शराब के कारण लोगों का घर टूट रहा है। प्रदेशभर में शराब के कारण कई घटनाएं सामने आ रही हैं। शराब के कारण लोगों की गृहस्थी टूट रहीरू सुधा साहू सुधा साहू ने कहा कि शराब के कारण लोगों की गृहस्थी टूट रही है और सरकार मौन है।
उन्होंने कहा कि जिले में शराब गली, मोहल्लों और हर गांव में धड़ल्ले से बिक रही है। लेकिन आबकारी विभाग चिर निद्रा में है। आज तक विभाग ने शराब के धंधे से जुड़े किसी माफिया पर कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में शराब के कारण महिलाओं पर अपराध और अत्याचार बढ़ रहा है, युवा रास्ते से भटक रहे हैं। घेराव के दौरान मीना वर्मा, शुभ्रा शर्मा, पार्वती साहू, सुनीता साहू, मधु यादव, गिरिजा दास, चुनेश्वरी साहू, भगवती, हेमकांति देवांगन, हेमलता यादव, सुरेखा कंवर, निर्मला कुमार, सारिका यादव, लक्ष्मी साहू मौजूद रहे।