महासमुन्द
आश्वासन के बाद समाप्त
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 सितंबर। फसल नुकसान पीडि़त किसानों को मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया। किसान नेता हितेश चंद्राकर के नेतृत्व में सैकड़ों किसान सोमवार को फॉरेस्ट ऑफिस के सामने आमरण अनशन पर बैठ गए। एसडीएम के आश्वासन के बाद किसानों ने अनशन समाप्त किया।
किसान सुबह 10 बजे अनशन पर बैठ गए। किसानों की भीड़ देख तहसीलदार व नायब तहसीलदार किसानों को वस्तुस्थिति की जानकारी लेने पहुंचे। लेकिन किसानों ने चर्चा करने से इंकार कर दिया और एसडीएम के आने पर ही चर्चा करने की बात कही। जिस पर अधिकारी वापस लौट गए। शाम 4 बजे एसडीएम सृष्टि चंद्राकर ने आमरण अनशन स्थल पर पहुंचकर किसानों से बात कर अनशन समाप्त करने की गुजारिश की। उन्होंने किसानों से कहा कि क्षेत्र के सभी प्रभावित किसानों का प्रकरण बनकर तैयार हो गया है। शासन से मुआवजा देने पर्याप्त राशि आ चुकी है। मंगलवार से किसानों के खाते में राशि जमा की जाएगी। उन्होंने आमरण अनशन खत्म करने आग्रह किया।
इसके बाद किसानों के साथ अनशन पर बैठे जनपद अध्यक्ष स्मिता चंद्राकर व किसान नेता हितेश चंद्राकर को बच्चों ने जूस पिलाकर अनशन खत्म कराया।
इस दौरान लोचन पटेल, कलाराम नायक, तुलाराम पैनोरिया, पुरुषोत्तम पटेल, भूखन सिन्हा, मूलचंद साहू, प्रीतम पटेल, डेमन पैनोरिया, धनंजय साहू, सत्तू तांडी, मोहन दुबे, रूपेश साहू, गोपाल ध्रुव, राजा चंद्राकर, नेतराम साहू, पंकज पटेल, करण सिंह ठाकुर, पवन निषाद, सुंदर साहू, मिलन साहू, जसराज चंद्राकर, गोविंद चंद्राकर, रमन वर्मा, हेमंत सिन्हा, कुंजराम साहू, नेहरू साहू, दिनेश चंद्राकर, लोकेश पैनोरिया आदि उपस्थित रहे।
किसान नेता हितेश चंद्राकर ने कहा कि बागबाहरा ब्लॉक सहित जिलेभर के 5 हजार किसानों के धान की रबी फसल को मार्च.अप्रैल माह में ओलावृष्टि व बेमौसम लगातार बारिश से 40.70 प्रतिशत नुकसान पहुंचा था। लेकिन 4 माह बीतने के बाद भी प्रभावित किसानों को शासन.प्रशासन द्वारा मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि कि एक एकड़ में 65.70 कट्टा धान उत्पादन लेने वाला किसान तीन एकड़ में मात्र 60 कट्टा तक ही धान ले पाया।
वर्तमान में खरीफ में कर्ज लेकर लागत लगा चुके किसान बारिश न होने और लो.वोल्टेज से परेशान हैं। इससे पहले 21 अगस्त को हजारों किसानों के साथ बागबाहरा में रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय का घेराव किया था। तब तहसीलदार ने 15 दिनों के अंदर किसानों को मुआवजा राशि भुगतान कराने आश्वासन दिया था। लेकिन तय तिथि के 15 दिन बीतने के बाद भी किसानों को मुआवजा राशि नहीं मिली है। जिससे अनशन करना पड़ा। एसडीएम के आश्वासन के बाद अनशन समाप्त किया गया।