महासमुन्द

सनातनियों के खिलाफ दर्ज मामले के विरोध में महासमुंद रहा बंद
12-Sep-2023 2:13 PM
सनातनियों के खिलाफ  दर्ज मामले के विरोध में महासमुंद रहा बंद

 दिन भर सन्नाटा पसरा रहा, बसें खड़ी रहीं
 स्कूल-कॉलेज व दुकानें रहीं बंद 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद,12 सितंबर।
तमिलनाडु के कैबिनेट मंत्री उदयनिधि स्टालिन के सनातन धर्म के खिलाफ  आपत्तिजनक बयान देने के बाद मामला दर्ज कराने कोतवाली महासमुंद पहुंचे हिंदू सर्व समाज के लोगों पर मामला दर्ज कराने के विरोध में हिंदूवादी संगठनों ने महासमुंद जिला बंद का आह्वान किया था। इस बंद का असर कल इतना व्यापक रहा कि लोग चाय-पानी के लिए भी भटकते रहे। आवागमन करने वालों को बसों के पहिए थमने के कारण केवल ऑटो का सहारा लेना पड़ा। जिला मुख्यालय महासमुंद समेत बागबाहरा,बसना, सरायपाली में सुबह 9 बजे से हिंदूवादी संगठनों ने बंद की अपील की। इस दौरान स्कूलों-कॉलेजों सहित सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के शटर बंद रहे। जिले में केवल पिथौरा नगर खुला रहा। जानकारी मिली है कि पिथौरा में आज मंगलवार को बंद रखा गया है।

मालूम हो कि तमिलनाडु के मंत्री ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू मलेरिया से करते हुए इसे खत्म कर देने का बयान दिया था। बीते 4 सितंबर को इस बयान की वजह से महासमुंद में बड़ा आंदोलन हुआ। इस दौरान बयान देने वाले मंत्री उदय निधि स्टालिन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर अड़े हिंदूवादी संगठनों ने नेशनल हाईवे-353 पर 6 घंटे चक्काजाम कर दिया था। लिहाजा पुलिस ने संगठन के पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 

कल सोमवार को इसके विरोध में स्कूल कॉलेज भी बंद रहे। जिला मुख्यालय से रायपुर, बागबाहरा, राजिम, सरायपाली की ओर जाने वाली बसें पूर्ण रूप से बंद रहीं। सभी बसें बस स्टैंड में ही खड़ी नजर आईं। दोपहर तक सर्व हिन्दू समाज के लोग शहर के मुख्य चौक-चौराहों पर जमे रहे। शहर का फुटपाथ व्यवसाय भी पूरी तरह से बंद रहा। मुख्य बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। मुख्य मार्गों पर भी सन्नाटा रहा। ऐसे ही बंद का असर सरायपाली और बागबाहरा में भी नजर आया। सर्व हिंदू समाज ने सुबह से ही सारे निजी संस्थान और प्राइवेट स्कूल, कॉलेज को बंद कराया। हिन्दू संगठन के सदस्य सुबह से बंद को सफल बनाने के लिए मोटर साइकिल,कार से नगर का भ्रमण करते रहे।

सर्व हिंदू समाज की ओर से अखिलेश लुनिया ने बताया कि पहले एफआईआर की मांग की, फिर चक्काजाम और अब जिला बंद कराया गया। हमने सडक़ की लड़ाई लड़ ली है। अब हम कानून की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने बताया कि मामले को लेकर कोर्ट में याचिका दायर करेंगे। वहीं देर शाम संगठन के लोगों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के लिए राज्य शासन को निर्देशित करने की मांग की है।

 


अन्य पोस्ट