महासमुन्द
संकल्प शिविर में उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 11 सितंबर। महासमुंद जिले के बागबाहरा स्थित मंडी प्रांगण में आयोजित संकल्प शिविर प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के मुख्य आतिथ्य में आ। अध्यक्षता महासमुंद के प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने की। प्रवक्ता के रूप में कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा तथा मुख्यमंत्री के सलाहकार राजेश तिवारी शामिल हुए। शिविर के दौरान कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा।
बागबाहरा में आयोजित संकल्प शिविर की तैयारी प्रदेश कांग्रेस कमेटी के द्वारा जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार की गई थी। साथ ही संपूर्ण कार्यक्रम में उक्त गाइड लाइन का अक्षरश: पालन किया गया। और उसी के अनुसार कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया साथ ही साथ उन्हें विधिवत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा के द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन भी किया गया।
महासमुंद में आयोजित संकल्प शिविर में शामिल होकर जैसे ही अतिथि हेलीकॉप्टर से बागबाहरा पहुंचे, हेलीपैड पर संसदीय सचिव द्वारकाधीश यादव की अगुवाई में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष व प्रभारी मंत्री तथा मुख्यमंत्री के विशेष सलाहकार राजेश तिवारी तथा शिविर के मुख्य वक्ता व कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा का भव्य स्वागत किया। तत्पश्चात गाजे बाजे के साथ अगुवाई करते हुए उन्हें कार्यक्रम स्थल पर लाया गया। जहां संकल्प शिविर में सम्मिलित कार्यकर्ताओं ने गजमाला के साथ अतिथि गणों का विशेष स्वागत किया।
ज्ञात हो कि इस संकल्प शिविर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे,पर अन्य कार्यक्रम के चलते वे शामिल नहीं हो पाए।
प्रभारी मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली पूंजी बताते हुए कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता ही हमारी असली पूंजी है, उन्हीं के बल पर सरकार बनती है । 2018 में कार्यकर्ताओं की मेहनत के बदौलत सरकार बनी। सरकार बनने के बाद सरकार ने जो कहा वह किया।
बूथ स्तर पर जाकर करें कार्यकर्ताओं की पहचान-सुरेंद्र शर्मा
शिविर के मुख्य वक्ता कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि बूथ लेबल पर जाकर सबसे पहले ये पहचानना होगा कि कांग्रेस का समर्थक कौन है?
जब समर्थक पहचान लेगे तभी कांग्रेस के पक्ष मे वोट पडेगा । इसलिए घर- घर जाकर सबसे पहले समर्थक पहचाने फिर उन्हे सरकार के योजनाओ की जानकारी देने की बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं को दिलाई शपथ
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि की आसंदी से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्यकर्ताओं में एक नया जोश और उत्साह भरा। साथ ही संगठन में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर कर गर्भित उद्बोधन दिया।
उद्बोधन के दौरान ही उन्होंने संकल्प शिविर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कांग्रेसी, संगठन पदाधिकारी, सेवादल,महिला प्रकोष्ठ, युवा प्रकोष्ठ और बूथ स्तर तक के सदस्य को फिर से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने के लिए तन मन धन से जुड़ जाने के लिए संकल्प दिलाया गया।
पार्टी खल्लारी से बूथ स्तर के कार्यकर्ता को भी टिकट देती है तो उसका प्रस्तावक मैं बनूंगा-द्वारिका धीश
वही कार्यक्रम के समापन पर आभारीय उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए शासन के संसदीय सचिव व खल्लारी विधायक ने तो कार्यकर्ताओं का मन ही मोह लिया। सर्वप्रथम इस संकल्प शिविर में बड़ी संख्या में सम्मिलित होने के लिए उन्होंने कार्यकर्ताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया तत्पश्चात उन्होंने कहा कि खल्लारी विधानसभा से यदि पार्टी किसी बूथ लेवल के कार्यकर्ता को भी यदि टिकट देती है तो उसका प्रस्तावक बने के लिए मैं तैयार हूं। संसदीय सचिव श्री यादव की उक्त बातों ने कार्यकर्ताओं का मानो मन ही मोह लिया और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद भूपेश बघेल जिंदाबाद द्वारकाधीश यादव जिंदाबाद के नारे शिविर स्थल पर गूंजने लगे।
बागबाहरा की संकल्प शिविर में कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर सहित कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता गण तथा सभी टिकट के दावेदार गण उपस्थित रहे।