महासमुन्द

मुझे मत काटो, स्थानांतरित कर पुनर्रोपित करो...
08-Sep-2023 2:27 PM
मुझे मत काटो, स्थानांतरित  कर पुनर्रोपित करो...

ग्रीन केयर ने पेड़ों पर तख्तियां लगाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 सितंबर।
बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग के 122 पेड़ों को स्थानांतरित करने ग्रीन केयर का चरणबद्ध अभियान जारी है। पांचवें चरण में पेड़ों को नहीं काटने का निवेदन विधायक के नाम ज्ञापन में किया गया है। पेड़ों पर तख्तियां लगाई गई हैं कि मुझे मत काटो, स्थानांतरित कर पुनर्रोपित करो। 

मालूम हो कि महासमुंद जिले के बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग पर बनने वाले ओवर ब्रिज की सीमा में आने वाले 122 पेड़ों को काटने के बजाय स्थानांतरित कर पुनर्रोपित करने की मांग ग्रीन केयर सोसायटी इंडिया कर रही है।  इसके लिए वह चरणबद्ध अभियान चला रही है। पूरे 122 पेड़ों के कटने की जानकारी मिलते ही प्रथम चरण में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी एवं वनमण्डलाधिकारी महासमुंद से चर्चा की गई। 

दूसरे चरण में प्रधान मुख्य वन संरक्षक रायपुर एवं वन मंडलाधिकारी महासमुंद से पत्राचार, ई-मेल, ट्वीट के जरिए, तृतीय चरण में बेलसोंडा में स्पॉट का निरीक्षण, चतुर्थ चरण में सरपंच,उप सरपंच, जागरूक नागरिकों से बातचीत एवं समाचार पत्रों में विज्ञप्ति दी गई।

पांचवें चरण में ग्रीन केयर सोसायटी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ पाणिग्राही के नेतृत्व में प्रभावित वृक्षों में मुझे बचाओ,मुझे मत काटो,स्थानांतरित कर पुनर्रोपित करो की तख्तियां 50 वृक्षों में लगाई गई। जिसमें थानूराम साहू ट्रांसपोर्टर, क्रॉसिंग के आस पास के लोगों एवम राहगीरों का सहयोग मिला। इसके बाद विधायक निवास में विधायक के नाम ज्ञापन दिया गया।

डॉ. पाणिग्राही ने बताया कि वृक्षों को स्थानांतरित करने की इस प्रक्रिया में न तो विकास कार्य में बाधा होगी न ही ओवर ब्रिज बनाने का कार्य रुकेगा। वृक्षों के स्थानांतरण एवम पुनरारोपण की प्रक्रिया में हमें कोई जिम्मेदारी शासन द्वारा दी जाती है तो तो हम पूर्णत: सेवा भावना के साथ अग्रसर रहेंगे। 
शासन यदि अनुमति देगी तो कुछ वृक्षों को गोद लेकर भी हम उन्हें इसी प्रक्रिया से पुनर्रोपित करेंगे। 

 


अन्य पोस्ट