महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 8 सितंबर। अनुविभागीय अधिकारी हेमंत नंदनवार ने सरायपाली में बिना लाइसेंस एवं बिना खाद्य सुरक्षा नियमों (फूड सेफ्टी रेगुलेशंस) के चल रहे बस स्टैंड के दो होटलों में कार्रवाई की है। विभाग का कहना है कि उक्त होटल, भोजनालय में ग्राहकों को मदिरा परोसा जा रहा था। आगामी आदेश तक दोनों होटलों को सील किया गया है।
सरायपाली के अनुविभागीय अधिकारी हेमंत नंदनवार के मार्गदर्शन में कल सरायपाली में बड़ी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान वे स्वयं मौके पर मौजूद थे। श्री नंदनवार व तहसीलदार सरायपाली राजस्व अमले के साथ बिना लाइसेंस एवं बिना फूड सेफ्टी रेगुलेशंस के चल रहे बस स्टैंड सरायपाली में स्थित दो होटलों, भोजनालयों पर छापामार कार्रवाई की। यहां संचालित विजय होटल एवं भोजनालय और ममता होटल एवं भोजनालय में जांच के दौरान ग्राहकों को मदिरा परोसते पाए गए।
इसके अलावा विजय होटल से 180 मिली अंग्रेजी शराब और 180 मिली देशी शराब की बोतलें तथा ममता होटल से 180 मिली अंग्रेजी शराब तथा 180 मिली देशी शराब की बोतलें जब्त की गई। जांच के दौरान पाया गया कि विजय होटल एवं ममता होटल भोजनालय के पास न तो किसी भी प्रकार लाइसेंस है और न ही फूड सेफ्टी से संबंधित दस्तावेज। विजय होटल एवं ममता होटल भोजनालय में निम्न स्तर की खाद्य सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। साफ सफाई का ध्यान रखे बिना संचालन हो रहा था
जांच के दौरान पाया गया कि विजय होटल का संचालन नगरपालिका की तीन दुकानों को नियम विरुद्ध मिलाकर एक बड़ी दुकान के रूप में संचालन किया जा रहा था। जांच पूरी होने तक विजय होटल एवं ममता होटल भोजनालय को सील किया गया है।