महासमुन्द

सामूहिक कोशिश से मासूम के आंखों की रोशनी वापसी की ओर
08-Sep-2023 1:56 PM
सामूहिक कोशिश से मासूम के आंखों की रोशनी वापसी की ओर

 एक आंख का ऑपरेशन सफल,आज-कल में दूसरी आंख का ऑपरेशन संभव 
उत्तरा विदानी
महासमुंद, 8 सितंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। सोमवार को महासमुंद जिले के ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में एक पिता द्वारा अपने ही पुत्र की आंखें फ ोडऩे की घटना के बाद एक अच्छी खबर यह है कि बच्चे के एक आंख का ऑपरेशन हो चुका है। डॉक्टरों ने इस ऑपरेशन को सफल कहा है और यह भी कहा है कि आज-कल में दूसरी आंख का ऑपरेशन किया जा सकेगा। घटना से पहले और घटना के बाद की कुछ और बातें गांव जाने पर पता चली है।
 

चूंकि इस घटना से व्यथित ‘छत्तीसगढ़’ के संपादक ने भी इस पर संपादकीय लिखी है। ऐसे में इस घटना के बाद और पहले की जानकारी यह है कि बच्चे के पिता की दो पत्नी हैं। पहली पत्नी-पति के साथ विवाद के बाद इस बच्चे को छोडक़र मायके चली गई। पिता ने दूसरी शादी की और अलग घर में रहने लगा। दादी किसी तरह रोजी-मजदूरी कर इस बच्चे का पालन पोषण कर रही है। 

बच्चे की दादी बताती है-घटना की रात बच्चे का पिता नशे में अपनी मां के घर आया। वह मोबाइल में किसी से बात कर रहा था। कह रहा था कि उसकी आंखें निकाल दंू, ठीक है निकाल देता हूं कहा, पैसुल लेकर बच्चे की ओर दौड़ा और बच्चे की दोनों आंखों में वार कर भाग निकला। बच्चे की दादी का कहना है-यह बात मैंने पुलिस को बताई भी, लेकिन पुलिस ने पता नहीं क्यों इस बात बात की तह तक जाना उचित नहीं समझा कि आरोपी किससे बात कर रहा था? 

घटना के बाद बच्चे की दादी ने पड़ोसियों के सहयोग से खून से लथपथ 5 वर्षीय मासूम जय सिन्हा को सोमवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे पिथौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां उस वक्त रात्रिकालीन ड्यूटी में तैनात डॉ. अवनीश कौर ने मासूम को देखा। वहां सुविधा न होते हुए भी उन्होंने भावुकता के साथ तत्काल बच्चे का प्रथम उपचार प्रारम्भ किया। 

डॉ. अवनीश कौर कहती हैं-उपचार करते हुए मेरे जेहन में यही बात थी कि जैसे भी हो, इस मासूम की आंखें बचानी है। मुझे कुछ समझ में नहीं आ रहा था कि क्या करूं? मैंने तत्काल अम्बिकापुर मेडिकल कॉलेज के नेत्ररोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. अभिजीत जैन को कॉल कर उन्हें बच्चे की आंख की तस्वीर भेज कर सलाह ली। डॉ. जैन ने मुझे सलाह दी कि मरीज का 24 घण्टे के अंदर ऑपरेशन कर इसकी आंखें बचाई जा सकती है।

  डॉ. अवनीश कौर आगे कहती हैं-पिथौरा अस्पताल में आंख का आपरेशन कतई संभव नहीं था। लिहाजा मैंने तत्काल 112 को काल कर एम्बुलेंस बुलाने की कोशिश की। लगातार कोशिश के बाद भी 112 ने कॉल नहीं उठाया। फिर मैंने एक निजी एम्बुलेंस चालक अनमोल को कॉल कर बुलाया। उसने कहा -किराया लगेगा। मैंने कहा-जितना कहोगे, किराया मैं खुद दूंगी। अनमोल एम्बुलेंस आया और बच्चे को मेकाहारा भेजने की व्यवस्था हुई। इस वक्त एम्बुलेंस वाले ने मासूम बच्चे की हालत और साथ में बूढ़ी दादी को देख कहा कि मैं इस बच्चे को खुद के खर्चे से अस्पताल पहुंचाउंगा। आपसे किराया नहीं लूंगा।  

डॉ. अवनीश कहती हैं-बच्चे को मेकाहारा रवाना करते ही मैंने वहां ड्यूटी दे रहे अपने बेंच के डॉक्टरों को कॉल कर बच्चे को भर्ती कर उपचार प्रारम्भ करने का निवेदन किया। बच्चे के मेकाहारा पहुंचते ही उसका इलाज शुरू हुआ और दूसरे दिन सुबह होते ही नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने पहले बच्चे के बांयी आंख का ऑपरेशन कर उसे सफल बताया। अब जल्द ही उसकी दाहिनी आंख का ऑपरेशन भी हो सकेगा। इसके बाद मासूम के आंखों की रोशनी लौटने की संभावना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने व्यक्त की है।

इस घटना की खबर रात में ही नगर के समाजसेवी राजेश चौधरी को मिल चुकी थी। वे खुद एम्बुलेंस की व्यवस्था में लगे रहे। दूसरे दिन पिथौरा के समाजसेवियों ने कुछ राशि एकत्र कर बच्चे की बुआ के पास जमा किया, जिसे लेकर राजेश चौधरी खुद रायपुर पहुंचे और समाजसेवियों द्वारा दी गयी सहयोग राशि को बच्चे की दादी को सौंपा। 

समाचार लिखते तक बच्चे की हालत खतरे से बाहर है और पिथौरा के डॉ. अवनीश के साथ समाज सेवियों का एक समूह लगातार पीडि़त बच्चे के उपचार में सहयोग कर रहे हैं। 

इस तरह सामूहिक कोशिश से एक लोमहर्षक घटना में आंख गंवाने की आशंका को दरकिनार कर मासूम के आंखों की रोशनी वापसी की ओर है।

 बहरहाल, घटना के वक्त आरोपी पिता किसके साथ फोन पर संपर्क में था,पुलिस ने इस बारे में छानबीन की है या नहीं, इसकी जानकारी लेने पुलिस अफसरों से संपर्क नहीं हो सका है। डॉ. अवनीश कौर, एंबुलेंस चालक और समाजसेवियों के कामों को काफी सराहना मिल रही है। 
———
 


अन्य पोस्ट