महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 सितंबर। पुरातात्विक स्मारकों, समृद्ध परम्परा, सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध सिरपुर में आयोजित तीन दिवसीय विश्व संगीति कार्यक्रम का शुभारम्भ आज दोपहर मेरा मैदान में शुरू हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन मंत्री मोहम्मद अकबर थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संसदीय सचिव एवं विधायक महासमुंद विनोद चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीएसआईडीसी अध्यक्ष नंदकुमार साय उपस्थित थे।
इस अवसर पर नागार्जुन फाउंडेशन सिरपुर के अध्यक्ष भदन्त आर्य नागार्जुन सुरेई ससाई ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सिरपुर में विश्व का अकूत विरासत है। सिरपुर का पूरा इतिहास अब तक कोई भी नहीं जान सका है। यहां की अकूत विरासत के बारे में विश्व को बताना है। छत्तीसगढ़ सरकार को साधुवाद है कि उसने इस संपदा को विश्व पटल रखने की तैयारी की है। उन्होंने कहा कि सिरपुर के इतिहास के साथ साथ मेरा जीवन भी संचालित है। मैं बहुत पहले से सिरपुर आता रहा हूं। आता रहूंगा।
कल्चरल सेंटर ऑफ एच.एच. दलाई लामा तिब्बत हाउस डायरेक्टर गेशे दोरजी दामदुल ने कहा कि मैं नागार्जुन की इस धरती पर धर्म गुरु दलाई लामा का प्रतिनिधि बनकर आया हूं। दस साल पहले यहां आने का मन बना था जो आज पूरा हुआ। मैं कहना चाहूंगा कि छत्तीसगढ़ और छत्तीसगढ़ का सिरपुर बेहद सुंदर है। यहां हमारे गुरु दलाई लामा के गुरु नागार्जुन काफी लंबे समय तक रहे।
उन्होंने कहा कि सिरपुर की संपदा और बुद्धिज़्म के बारे में यहां की नई पीढ़ी को जरूर बताना चाहिए। विश्व में बुद्धिज़्म के नियमों को साइंस भी मानता है। आधुनिक युग का बुद्धिज़्म सबसे बड़ा विज्ञान है। बुध्दिज्म एक सूर्य के समान है जो निरंतर प्रकाशित है।
इस अवसर पर पुरातत्वविद, नागपुर महाराष्ट्र लेखक डॉ. सत्यजीत चन्द्रिकापुरे, ट्रेव्हल एंड टूरिज्म विभाग महाराष्ट्र डायरेक्टर डॉ. प्रियदर्शी एम. खोब्रागड़े विशिष्ट आतिथ्य रूप में उपस्थित थे। कार्यक्रम के अनुसार दूसरे दिन 8 सितम्बर को कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के मुख्य आतिथ्य में तथा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की अध्यक्षता में व दीपक बैज सांसद तथा श्यामजी चौहान निज मंदिर खाटूजी राजस्थान के विशिष्ट आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम के तृतीय दिवस समारोह का समापन होगा। सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण अध्यक्ष सतीश जग्गी कार्यक्रम के संयोजक हैं।