महासमुन्द
गजयात्रा कार्यक्रम में किया फि ल्म का प्रदर्शन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7 सितंबर। जिले के बसना वनक्षेत्र में 23 हाथियों का झुंड प्रवेश करने के बाद वन विभाग सतर्क हो गया है। हाथियों का झुंड धान की फसल खाने के लिए जंगल से गांव की ओर रूख कर रहा है। ऐसे में हाथी और मनुष्य के द्वंद रोकने सहित जान-माल का नुकसान न हो इसलिए वन विभाग की टीम दल बल के साथ हाथी प्रभावित गांवों में लगातार गज यात्रा निकालकर लोगों को हाथी से बचाव के लिए जागरूक कर रहा है।
गजयात्रा कार्यक्रम में हाथी प्रभावित गांव छीराबाहरा, टीपा और झालपाली के विद्यालय, चौक.चौराहों सहित गांवों वन परिक्षेत्र अधिकारी बसना सुखराम निराला एवं वन विभाग की टीम ने प्रथम चरण में शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को हाथियों के बारे में बताया। जिसमें आहार एवं आचार.व्यवहार को बताते हुए हाथी मोर संगवारी फिल्म दिखाया गया।
द्वितीय एवं तृतीय चरण में ग्राम छीराबाहरा, टीपा और झालपाली के चौक चौराहा में गज यात्रा वाहन के साथ कार्यक्रम में सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन कुमार शर्मा, वीरेन्द्र पाठक, वन पाल कांशीराम डड़सेना, अक्षय नंद, देवानंद सोनी, महेश ध्रुव, भरत साहू ठाकुरराम पटेल सहित सुरक्षा श्रमिकों का सहयोग रहा। इस दौरान ग्रामीणों से अपील की गई कि अकेले घरों से न निकलें, सतर्क रहे। हाथियों को भगाने के लिए ईंट, पत्थर नहीं फेंके। जब हाथी आये तो इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें।
लाउडस्पीकर के माध्यम से छतीसगढ़ी गीत एवं पाम्पलेट वितरण कर हाथियों से कैसे सुरक्षित रहे बताया गया। इस दौरान बसना वन परिक्षेत्र अधिकारी सुखराम निराला ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को बताया कि हाथी किसी क्षेत्र में पहुंचता है तो हाथियों से दूर रहें। जंगलों एवं आसपास के खेतों में ना जावें। रात में घर में दिया जलाकर रखें।