महासमुन्द
राजनीति दबाव के चलते कार्रवाई नहीं हो रही -राष्ट्रीय बजरंग दल
बसना थाना घेरा, कार्रवाई की मांग, बंद की चेतावनी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,7सितंबर। महासमुंद जिले में पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट एक आवेदक ने हताश होकर थाने के बाहर जहर सेवन कर जान देने की कोशिश की है। आवेदक को गंभीर हालत अस्पताल भेजा गया है।
आरोप है कि आवेदक किशन सेन से तौसीफ रज़ा खैरानी ने 2 लाख 80 हजार रुपए ऑनलाइन ठगी की है। चर्चा है कि तौसीफ जिले के एक कांग्रेस नेता का रिश्तेदार है। राष्ट्रीय बजरंग दल ने आरोप लगाया है कि राजनीति दबाव के चलते कार्रवाई नहीं हो रही है। बजगंर दल ने बसना थाना प्रभारी का विरोध प्रदर्शन कर एसडीओपी को ज्ञापन सौंपा है।
मामला यह है कि बसना थाने में आवेदक किशन सेन ने 25 अगस्त को एक लिखित शिकायत की थी कि उसके अकाउंट को तौसीफ रजा खैरानी ने हैक कर 2 लाख 80 हजार रुपए निकाल लिया है। अत: उन पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जाए।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने आरोप लगाया कि विधायक के खास और दिग्गज कांग्रेसी नेता के रिश्तेदार होने के कारण इस मामले में विगत 10 दिनों से कार्रवाई नहीं हुई है। इससे आहत होकर पीडि़त किशन सेन ने आत्महत्या का प्रयास किया है।
मंगलवार को पीडि़त किशन थाना प्रभारी से मिलने गया, परंतु वहां उसे निराशा ही मिली और उसने थाने के सामने ही जहर पी लिया। चूंकि वह राष्ट्रीय बजरंग दल का कार्यकर्ता है। लिहाजा बुधवार को बसना थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग एसडीओपी से की गई और पांच दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा बसना बंद करने की बात कही है।