महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 सितंबर। जोन स्तरीय कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता एवं राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन जोन केदुवां में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ टीएलएम प्रतियोगिता के साथ हुआ। जिसमें संकुल प्राचार्य अरुण कुमार भोई केंदुवा, डोमलाल पालेश्वर संकुल प्राचार्य डुडूमचुवा एवं संकुल केंद्र केंदुवा के संकुल समन्वयक घनश्याम दास, ऋषि प्रधान संकुल समन्वयक बहेरापाली, छबिलाल पटेल संकुल समन्वयक डुडूमचुवां तथा संकुल केंद्र के शिक्षक शिक्षिका उपस्थिति रहे।
उक्त कार्यक्रम में संकुल केंद्र केदुवां, संकुल केंद्र बहेरापाली, संकुल केंद्र डुडूमचुवां के बच्चों एवं शिक्षकों ने भाग लिया। निर्णायक समिति उमाशंकर पटेल, श्रीराम दास, राजेश पटेल की ओर से सक्रिय भूमिका निभाते हुए बच्चों एवं शिक्षकों को अंक देकर उनका चयन किया गया। प्रतियोगिता में प्राथमिक विभाग से विज्ञान विषय में जयंती गतिया संकुल केंद्र बहेरापाली ने प्रथम स्थान, गणित विषय में शनीराम सिदार संकुल केंद्र बहेरापाली ने प्रथम स्थान, उच्च प्राथमिक विभाग से विज्ञान विषय में पंकजनी सेठ संकुल केंद्र बहेरापाली प्रथम स्थान, उच्च प्राथमिक विभाग से गणित विषय में शमसाद खान संकुल केंद्र केदुवां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वहीं राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता में प्राथमिक विभाग से रमेश कुमार भोई कक्षा 5वीं शास. प्राथ. शाला पलसापाल संकुल केंद्र केंदुवां ने प्रथम स्थान, उच्च प्राथमिक विभाग से अनुपमा साहू कक्षा 8वीं शास. उच्च. प्राथ. शाला केदुवां ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेता प्रतिभागियों को क्लब संकुल की ओर से पुरस्कार प्रदान किया गया। संकुल समन्वयक एवं संकुल प्राचार्य जोन केदुवा की ओर से सभी विजेता प्रतिभागियों को विकासखंड प्रतियोगिता में चयन हेतु शुभकामनाएं ज्ञापित की गयी। कार्यक्रम का संचालन संकुल समन्वयक घनश्याम दास एवं छबिलाल पटेल द्वारा किया गया। आभार प्रदर्शन संकुल समन्वयक ऋषि प्रधान ने किया।