महासमुन्द
महासमुंद, 6 सितंबर। खल्लारी थानांतर्गत ग्राम धरमपुर के जंगल में हुई अज्ञात महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इससे पहले पुलिस ने अज्ञात महिला की पहचान पुख्ता की, इसके बाद आरोपी की पतासाजी की और मृतका की पहचान के चौबीस घंटे के भीतर ही आरोपी को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार हत्या का कारण मृतका का आरोपी के साथ अवैध संबंध था। आरोपी ने पुलिस को जानकारी दी है जिसके अनुसार मृतका सादी के लिए दबाव बना रही थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार धरमपुर-ढोड तमोरा मार्ग के बीच जंगल में 24-25 अगस्त को एक अज्ञात महिला की लाश मिली थी। मृतका के चेहरे पर चोट के निशान थे। थाना खल्लारी में मर्ग दर्ज कर जांच प्रारंभ किया गया। अनुविभागीय अधिकारी महासमुंद पुलिस द्वारा मौके पर पहुंच कर मॉनिटरिंग कर थाना प्रभारी खल्लारी द्वारा अज्ञात महिला की पहचान के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई। जिसमें आसपास सरहदी क्षेत्र में टीम रवाना किया गया।
पुलिस ने मृतका का फोटो दिखाकर, पंपलेट चिपका कर,आसपास के नगरों एवं गांवों के सीसीटीवी का फुटेज खंगाला। जिसमें एक व्यक्ति के साथ उसी महिला को फुटेज में देखा गया। जांच में पाया गया कि महिला के नाक और आंख कान के बीच तथा गाल में किसी भोथरे वस्तु से वार किया गया था।
पुलिस को इसी बीच जानकारी मिली कि रायपुर खमतराई में एक महिला का गुम इंसान दर्ज था। अत: मृतका की पहचान उनके परिजनों द्वारा कराया गया। अज्ञात महिला की पहचान रूपाबाई (42 वर्ष) खमतराई जिला रायपुर के रूप में की गई। विवेचना दौरान अज्ञात आरोपी की खोजबीन शुरू हुई। जिस व्यक्ति के साथ मृतका को सीसीटीवी फुटेज में देखा गया वह व्यक्ति लोकेश साहू (40 साल) ग्राम खट्टी के भाटापारा थाना महासमुंद जिला महासमुंद रूप में सामने आया। पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि मृतका के साथ उसका अवैध संबंध था और वह आरोपी पर लगातार अपने साथ रखने का दबाव डाल रही थी। जिसके कारण आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। हत्या के पूर्व आरोपी ने मृतका को शराब भी पिलाई। आरोपी के जुर्म स्वीकार करने के बाद 4 सितंबर को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।