महासमुन्द

नशे में धुत्त पिता ने 5 साल के बेटे की आंखें निकाल ली
06-Sep-2023 3:21 PM
 नशे में धुत्त पिता ने 5 साल के बेटे की आंखें निकाल ली

गंभीर हालत में रायपुर में भर्ती 

आरोपी पिता जेल दाखिल 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा,6 सितंबर।
शराब के नशे में धुत्त एक पिता ने अपने पांच साल के बेटे की आंखें निकाल ली। यह दिल दहलाने वाली घटना महासमुंद जिले के ग्राम ठाकुरदिया खुर्द में 4-5 सितंबर की दरमियानी रात घटी है। 

जानकारी मिली है कि नशे में चूर पिता पहले तो शराब सेवन के लिए पैसे नहीं देने पर अपनी मां पर हमला करने दौड़ा। मां ने भागकर जान बचा ली, लेकिन आंगन में बैठा पुत्र उसके क्रोध का शिकार हो गया। आरोपी पिता ने सब्जी काटने का पैसुल घोंपकर उसने पुत्र की दोनों आंखें फ ोड़ डाली। पुलिस ने आरोपी गजानंद सिन्हा को जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 4 सितंबर को देर रात की बताई गई है। ग्राम ठाकुरदिया निवासी गजानंद सिन्हा नशे में था। घर आकर वह और शराब पीने के लिए अपनी मां रूखमणी को पैसे की मांग करने लगा। रुखमणी उसे लगातार मना करती रही। इससे क्रोधित होकर गजानंद हमला करने के लिए मां रुखमणी की ओर दौड़ पड़ा। मां ने किसी तरह खुद को बचा लिया। तिलमिलाए आरोपी पिता गजानंद का क्रोध और बढ़ गया और उसने आंगन में बैठे 5 वर्षीय पुत्र जय कुमार सिन्हा पर हमला कर दिया। 

आरोपी पिता ने आंगन में पड़े सब्जी काटने के धारदार पैसुल घोंपकर पुत्र की दोनों आंखें फ ोड़ दी। बीच-बचाव के लिए पहुंचे लोगों ने गजानंद के कब्जे से बच्चे को छीनकर तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था देखते हुए घायल जयकुमार को रायपुर रिफर किया गया। बच्चे की मां नहीं है, इसलिए अस्पताल में उसकी दादी देखरेख में लगी है। पुलिस ने भादवि की धारा 326 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को जेल भेज दिया है।
 


अन्य पोस्ट