महासमुन्द

दिवंगत कवि शिवानंद महान्ती की क्षणिका-संग्रह ‘कुछ ही क्षणों में’ का विमोचन
03-Sep-2023 8:53 PM
दिवंगत कवि शिवानंद महान्ती की क्षणिका-संग्रह ‘कुछ ही क्षणों में’ का विमोचन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 3 सितंबर। नगर के दिवंगत कवि शिवानंद महान्ती की 40 क्षणिकाओं के संग्रह ‘कुछ ही क्षणों में’ का विमोचन कल 2 सितम्बर को  अपरान्ह उनके गृहनगर पिथौरा स्थित गुरु तेगबहादुर भवन में किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि साहित्यकार तथा राज्य प्रशासनिक सेवा के सेवानिवृत्ति अधिकारी जी आर राना थे। अध्यक्षता वरिष्ठ भाषा विज्ञानी डॉ. चितरंजन कर ने की। विशेष अतिथि छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष ईश्वर सिंह दोस्त  तथा  वरिष्ठ पत्रकार पूर्णचन्द्र रथ  ने पुस्तक का विमोचन किया।  अतिथियों ने अपने-अपने विचार व्यक्त करते हुए स्व. शिवानंद महान्ती के काव्य सृजन के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला।

ज्ञातव्य है कि पिछले साल 11 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन पिथौरा में सडक़  हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद रायपुर के एक निजी  अस्पताल में इलाज के दौरान 14 अगस्त को उनका निधन हो गया था।  उनकी क्षणिकाओं का संग्रह च्कुछ ही क्षणों में च्का प्रकाशन श्रृंखला साहित्य मंच पिथौरा द्वारा महान्ती परिवार के सहयोग से उनकी प्रथम पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में किया गया था। शिवानंद के  परिजनों द्वारा धार्मिक मान्यताओं और रीति रिवाजों के अनुसार उनकी प्रथम बरसी कल 2 सितम्बर को  मनाई। इसी अवसर पर उनकी इस पुस्तक का विमोचन हुआ। संग्रह का सम्पादन स्वराज्य करुण ने किया है।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय शिवानंद महान्ती आधुनिक हिन्दी कविता की क्षणिका विधा के सिद्धहस्त और सशक्त रचनाकार थे ।  उनकी छोटी-छोटी कविताओं (क्षणिकाओं) में  देश और दुनिया की सामाजिक-आर्थिक विसंगतियों पर व्यंग्य प्रहार के साथ  त्वरित काव्यात्मक टिप्पणियाँ भी मिलती हैं। । उन्होंने  कई क्षणिकाओं में  अपने आस-पास के सामाजिक और प्राकृतिक परिवेश का भावनात्मक चित्रण भी किया है । न्यूनतम शब्दों में दिल को छू लेने वाली अधिकतम बातें उनकी  क्षणिकाओं की विशेषता  थी । कल विमोचित कृति कुछ ही क्षणों में श्री महंती की छोटी छोटी लेकिन प्रभावी कविताओं का दूसरा संकलन है लगभग 5 वर्ष पहले 2018 में उनके प्रथम संग्रह  संसय के बादल का प्रकाशन भी श्रृंखला साहित्य मंच द्वारा किया गया था।

विमोचन समारोह में पिथौरा निवासी उपन्यासकार शिवशंकर पटनायक, महासमुंद के कवि अशोक शर्मा, बन्धु राजेश्वर खरे, बागबाहरा के हबीब समर, रूपेश तिवारी, ग्राम सांकरा (जोंक)निवासी जवाहर लाल नायक, श्रृंखला साहित्य मंच पिथौरा के अध्यक्ष प्रवीण प्रवाह, अनूप दीक्षित, कैलाश बंसल, संतोष गुप्ता, शंकर गोयल बंटी छत्तीसगढिय़ा, एफ ए नंद, निर्वेश दीक्षित,संजय गोयल, गुरप्रीत कौर, जीतेश्वरी साहू, सरोज सावऔर मंच के अनेक सदस्य, दिवंगत कवि की वयोवृद्ध माता उर्मिला महांती, मधुसूदन महान्ती, रितेश महान्ती और आकाश महान्ती सहित महान्ती परिवार के सदस्यगण समीपवर्ती ओडि़शा राज्य से आए उनके परिजन और महासमुंद जिले के अनेक साहित्यकार तथा प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन उमेश दीक्षित ने किया।आभार प्रदर्शन शशि डडसेना ने किया।


अन्य पोस्ट