महासमुन्द

वायरल समर्थन पत्र फ र्जी, कोलता समाज ने नहीं दिया कोई समर्थन
03-Sep-2023 3:59 PM
वायरल समर्थन पत्र फ र्जी, कोलता समाज ने नहीं दिया कोई समर्थन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 सितंबर।
कोलता समाज के सभी शाखा के सभापतियों ने सम्पत अग्रवाल को भाजपा प्रत्याशी बनाने समाज की ओर से जारी समर्थन पत्र को फर्जी करार दिया है। समाजजनों ने एक पत्र जारी कर कहा कि श्री अग्रवाल ने अपने निजी स्वार्थ एवं राजनीति के उद्देश्य से फर्जी पत्र जारी किया है। कोलता समाज की ओर से श्री अग्रवाल को किसी भी प्रकार का समर्थन नहीं है। 

कोलता समाज के जिलाध्यक्ष गिरधारी साहू ने आरोप लगाया कि श्री अग्रवाल द्वारा न केवल कोलता समाज के पदाधिकारियों के नाम व पद का दुरुपयोग किया गया है, बल्कि फर्जी समर्थन पत्र सोशल मीडिया में वायरल किया है। श्री साहू ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी से विधानसभा सभापतियों के व्यक्तिगत निवेदन आपकी ओर सादर प्रेषित है। बसना विधानसभा क्षेत्र में सभा 40 हजार से अधिक स्वजातीय मतदाता है। 

मालूम हो कि हाल ही में कोलता समाज का एक पत्र सोशल मीडिया में वायरल हुआ था ,जिसमें लिखा था कि क्षेत्र के सबसे सक्रिय, लोकप्रिय एवं सेवाभावी डॉ.सम्पत अग्रवाल का नाम बसना विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 40 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में समर्थन करते हुए हम आगामी विधानसभा चुनाव में सहयोग करने हेतु एकमत हुए हैं। अत: आप से निवेदन है कि हम सभी शाखा सभापतियों की मांगों पर विचार करते हुए डॉ.सम्पत अग्रवाल को भाजपा प्रत्याशी घोषित किये जाने की कृपा करें।

समाज के लोगों को इस संबंध में कहना है कि कोलता समाज के सभापतियों द्वारा ऐसा कोई समर्थन पत्र भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर को नहीं भेजा गया है। सोशल मीडिया से यह खबर सभी शाखा सभापतियों के व्यक्तिगत रूप से प्रमोद प्रधान, प्रमोद बारीक की ओर से दिया गया है न कि कोलता समाज की ओर से। 

सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद कोलता समाज की एक बैठक हुई जिसमें पता चला कि समाज के किसी भी पदाधिकारी ने ऐसा समर्थन नहीं दिया है और न ही किसी पदाधिकारी द्वारा हस्ताक्षर किया गया है। समाज का कहना है कि श्री अग्रवाल द्वारा जारी किया गया कोलता समाज का यह समर्थन पत्र पूरी तरह फर्जी और बनावटी है। इस खबर की चर्चा नगर के चौक-चौराहों में होने लगी है। 


अन्य पोस्ट