महासमुन्द
28 अगस्त को एसडीएम कोर्ट में थी पेशी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3 सितंबर। ग्राम पंचायत बेलसोंडा की सरपंच भामिनी पोखन चंद्राकर ने पिछले दिनों प्रेस वार्ता के माध्यम से अपने साथ हो रहे अन्याय को जनता के समक्ष लाते हुए बताया था कि स्थानीय कांग्रेस नेता उनको कांग्रेस प्रवेश करने दबाव बना रहे हैं और मना करने के कारण एसडीएम के माध्यम से पंचायतीराज अधिनियम की धाराओं का मजाक उड़ाते हुए पद से निकालने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। एसडीएम न्यायालय में 28 अगस्त को सरपंच की पेशी थी। लेकिन सरपंच भामिनी ने समय रहते उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर पद से बेदखली के लिए की जा रही कार्रवाई पर स्थगन आदेश लाई है।
सरपंच भामिनी ने बताया कि उन्हें पद से हटाने पंचायत की कई बार ऑडिट और जांच कराई गई। जबकि पूर्व सरपंच के 15 सालों के पंचायती कार्यकाल में कोई भी ऑडिट और जांच नहीं कराई गई। भामिनि ने कहा कि उनके स्वयं के कार्यकाल के ऑडिट में किसी भी प्रकार का घपला नहीं पाया गया तो कुछ कांग्रेस नेता उन्हें फंसाने के लिए पंचायतीराज अधिनियम की धज्जियां उड़ाते हुए एसडीएम को माध्यम बनाने लगे।
उन्होंने बताया कि पंचायत राज अधिनियम में सरपंच के लाभार्थी रिश्तेदार की श्रेणी में नहीं आता। उनके काम व भुगतान को आधार बनाकर सरपंच को हटाने नोटिस दिया गया था। बताया कि भांजा तेजेश्वर चंद्राकर को पंचायत के विभिन्न कार्यों के निष्पादन के लिए लगभग 62 हजार रुपए का पेमेंट किया गया है।
उन्होंने बताया कि पंचायती राज अधिनियम में स्पष्ट है कि कोई भी जनप्रतिनिधि अपने रिश्तेदारों को किसी भी प्रकार से पेमेंट नहीं करेगी और उक्त अधिनियम के पृष्ठ 24 में रिश्तेदारों को परिभाषित किया गया है और भांजा इस परिधि से बाहर है। इसके बावजूद सरपंच को परेशान किया गया। बताया गया कि जबकि पूर्व सरपंच ने अपने सगे भतीजे के फर्म के नाम से लाखों का भुगतान किया है उनके विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई। अत: एसडीएम की कार्रवाई पर न्यायालय ने रोक लगाई है।