महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 2 सितंबर। क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थस्थल नानक सागर में विगत पूर्णिमा में श्रीअखंड पाठ समाप्ति के अवसर पर शबद कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में लुधियाना से आये कीर्तन जत्था ने कीर्तन किया, जिसे सुनने भारी संख्या में सिख एवं बंजारा समुदाय के लोग एकत्र हुए।
बुधवार को पूर्णिमा के अवसर पर नानक सागर में शानदार शबद कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में रायपुर से आये बिट्टू एवं लुधियाना से आये टोनी ने गढफ़ुलझर गुरुद्वारा में शबद कीर्तन किया। शबद कीर्तन सुनने आसपास की सिख, बंजारा समाज के लोग भी पहुंचे थे। इस दौरान बंजारा समाज के गुहा राम बंजारा ने भी गुरुनानक देव जी के भजन गाये। कार्यक्रम के उपरांत लंगर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में रायपुर से कीर्तन जत्था के अलावा रिंकू ओबेरॉय,हरकिशन सिंह राजपूत, जयपुर राजस्थान से पहुँचे पत्रकार अब्दुल हामिद, रायपुर के मनप्रीत सिंह मुल्तानी, रणवीर सिंह एवं भूपिंदर सिंह शेरगिल मौजूद थे।