महासमुन्द

रेप के दो मामले, दो आरोपियों को 20-20 साल कैद
02-Sep-2023 2:44 PM
रेप के दो मामले, दो आरोपियों को 20-20 साल कैद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 सितंबर।
जिला न्यायालय के विशेष न्यायाधीश योगिता विनय वासनिक ने लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 के तहत 31 अगस्त को एक ही दिन में दो अलग-अलग मामलों में नाबालिग को भगाकर उसके साथ रेप करने के अपराध के लिए दो युवकों को 20-20 वर्ष की कड़ी कैद की सजा सुनाई है। दोनों ही मामले पटेवा थाना क्षेत्र के हैं। 

एक मामले में अभियोजन के अनुसार 16 वर्षीय पीडि़ता ने थाना पटेवा में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 23 अगस्त 2022 को उसका पड़ोसी भेखलाल यादव (22 वर्ष) पटेवा जिला महासमुंद ने शादी का प्रलोभन देकर अपने घर में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। बाद में 25 अगस्त 2022 को उसे भगाकर भिलाई ले गया। वहां भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया और 22 अक्टूबर 2022 को उसे रखने से मना करते हुए मारपीट कर उसे भगा दिया। घर लौटकर मां को जानकारी दी व बाद में रिपोर्ट दर्ज करायी। जिस पर धारा 363, 366 तथा 376-2,एन एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। 

इसी तरह दूसरे मामले में प्रार्थी ने थाना पटेवा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री 30 जनवरी 2023 को अपनी सहेली के साथ झलप स्कूल गई थी। करीब साढ़े 4 बजे उसकी सहेली ने घर आकर पूछा कि घर आ गई क्या। घर वालों को उसने बताया कि वह तबीयत ठीक नहीं है, दवा लेने जा रही हूं, कहकर 3 बजे स्कूल से निकली थी। बाहर रामरतन ध्रुव (22 वर्ष) सेमराडीह चौकी निपनिया, थाना-भाठापारा ग्रामीण, जिला बलौदाबाजार एक और लडक़े के साथ खड़ा था। रामरतन ध्रुव के साथ ही दवा लेने जाने की बात उसने कही थी। 

यह जानकारी मिलने के बाद प्रार्थी ग्रामीणों को लेकर रामरतन के गांव सेमराडीह गया। वहां रामरतन के घर पर उसकी पुत्री मिली। पुत्री ने बताया कि अभियुक्त से उसका प्रेम संबंध है। शादी का प्रलोभन देकर वह उसे रायपुर फिर निपनिया ले गया।  दो बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। रिपोर्ट पर धारा 363, 366, 376 -2, एवं धारा 6 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया। 

दोनों अलग-अलग मामलों में विशेष न्यायाधीश ने दोनों अपराधियों को धारा 363 के तहत 5 वर्ष की कैद व 1-1 हजार रुपए अर्थदंड, धारा 366 के तहत 7 वर्ष कैद व 2000 अर्थदंड तथा धारा 6 लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधि. 2012 के तहत 20 वर्ष कैद व 10 हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई। दोनों मामलों में राज्य की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक सलीम कुरैशी ने पैरवी की।
 


अन्य पोस्ट