महासमुन्द

प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप, इंजेक्शन, टेबलेट संग आरोपी गिरफ्तार
31-Aug-2023 4:54 PM
प्रतिबंधित नशीली कफ  सिरप, इंजेक्शन, टेबलेट संग आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 अगस्त। प्रतिबंधित नशीली कफ  सिरप, इंजेक्शन, टेबलेट के साथ एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई है। आरोपी से 50 नग प्रतिबंधित नशीली कफ  सीरप, 200 टेबलेट एवं 50 इंजेक्शन कीमती 14 हजार रुपए बरामद हुआ है। यह कार्रवाई साइबर सेल महासमुंद एवं थाना सिटी कोतवाली के संयुक्त तत्वावधान में की गई है।

इस मामले में पुलिस अधीक्षक महासमुंद धर्मेन्द्र सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल व सिरप का अवैध व्यापार किया जा रहा हैै। ये दवाईयां अन्य राज्यों से लाकर भारी मात्रा में महासमुंद जिला एवं आस पास के जिलों में खपाया जा रहा है।

इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों पर कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया था। सायबर सेल की टीम एवं थाना सिटी कोतवाली की टीम मुखबिर लगाकर बिक्री एवं परिवहन करने वालों का पता तलाश कर रही थी कि 29 अगस्त को सूचना मिली कि थाना महासमुंद क्षेत्र में अम्बेडकर चौक ओवरब्रीज के नीचे भारी मात्रा में नशीली टैबलेट बिक्री करने हेतु रखा है। मुखबिर की निशानदेही पर मौका पहुंच कर अम्बेडकर चौक ओवरब्रीज के पास जाकर पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर विक्रम दीवान  (38 वर्ष) महासमुंद को हिरासत में लिया।

तलाशी में विक्रम के पास से सफेद रंग की प्लास्टिक झोले के अंदर भारी मात्रा में नशीली पदार्थ कफ  सीरप, टेबलेट, इंजेक्शन भरा हुआ मिला। उक्त कफ  सीरप, टेबलेट व इंजेक्शन के संबंध वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर कुल 14 हजार 257 रुपए कीमती दवाईयों को बरामद कर थाना सिटी कोतवाली में अपराध धारा 21 नारकोटिक्स एक्ट के तहत् आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई।


अन्य पोस्ट