महासमुन्द

निजी बैंक में चोरों द्वारा सेंध
30-Aug-2023 3:11 PM
निजी बैंक में चोरों द्वारा सेंध

 लॉकर नही तोड़ पाने से नुकसान नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 30 अगस्त। नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित स्मॉल फाइनेंस बैंक (इसाफ) में अज्ञात चोरों ने बैंक की दीवार में सेंध मार चोरी का प्रयास किया। बैंक का लॉकर सुरक्षित बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात स्थानीय पुलिस थाना से कोई 100 मीटर दूर मुख्य मार्ग पर परमेश्वरी धाम मंदिर के बाजू स्थित इसाफ बैंक में मंदिर की ओर की दीवार से अज्ञात चोर सेंध मार कर बैंक के भीतर पहुंच गए थे, परन्तु बैंक के अंदर स्थित लॉकर को चोर तोड़ नहीं पाए। लिहाजा बैंक को कोई नुकसान होने की खबर नहीं है।

सूचना के बाद स्थानीय पुलिस ने बैंक में लगे सीसी कैमरे खंगाले तब पता चला कि एक अज्ञात व्यक्ति रात में बैंक के अंदर गया और उसने डीवीआर बंद कर दिया था। जिसके कारण आगे की कोई रिकॉर्डिंग कैमरे से नहीं हो पाई है। सेंध लगाने के तौर तरीकों से अनुमान लगाया जा रहा है कि उक्त वारदात को अंजाम देने का प्रयास किसी शातिर गिरोह द्वारा किया गया है। बहरहाल स्थानीय पुलिस घटना की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट