महासमुन्द
महासमुंद, 29 अगस्त। थाना अंतर्गत अन्तरराज्यीय जांच चौकी पलसापाली में पुलिस ने छत्तीसगढ़ से अवैध रूप से ओडिशा की ओर परिवहन कर रहे यूरिया खाद 130 बोरी एवं अमोनिया सल्फेट 50 बोरी के साथ चार पहिया आईचर वाहन को बरामद किया है। साथ ही इस काम में संलिप्त 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई हेतु कृषि विभाग के सुपुर्द किया गया है।
बसना थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने बताया कि सीमावर्ती ओडिशा राज्य से अवैध शराब एवं मादक पदार्थ गांजा की तस्करी पर बसना पुलिस सतत निगरानी करते हुए अंतर राज्यीय जांच चौकी पलसापाली में ओडि़शा से आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 27 अगस्त की रात बसना से ओडिशा के पदमपुर रोड की तरफ जा रही आईचर 1109 वाहन को रोक कर पूछताछ की गई।
उक्त वाहन में यूरिया एवं अमोनिया सल्फेट खाद को छत्तीसगढ़ से ओडिशा ले जाना पाया गया। चालक, परिचालक शिव प्रसाद संजय 35 वर्ष निवासी महुलपाली और दुर्योधन महतो 44 वर्ष निवासी महुलपाली ओडि़शा के संयुक्त कब्जे से इफको कम्पनी युरिया खाद 130 बोरी एवं अमोनिया सल्फेट 50 बोरी जब्त कर किया गया एवं कार्रवाई हेतु कृषि विभाग को सुपुर्द किया गया। बसना के वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी पीएन सामल ने बताया कि यूरिया 130 बोरी और अमोनिया सल्फेट को जब्त कर कार्रवाई हेतु कलेक्टर महासमुंद को प्रतिवेदन सौंपा गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित उप निरीक्षक उत्तम तिवारी, आरक्षक नरेश बरिहा, विरेन्द्र साहू एवं थाना बसना पुलिस टीम का सहयोग रहा।