महासमुन्द
सेल्समैन पर एफआईदर्ज कराने तथा उसे सेवा से पृथक करने के निर्देश जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त। भास्करापाली सोसाइटी में कंप्यूटर शिक्षा की फर्जी अंकसूची लगाकर नौकरी का मामला सामने आया है। इस मामले में शिकायत पर उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं ने जांच की है। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर सेल्समैन पर एफआईदर्ज कराने तथा उसे सेवा से पृथक करने के निर्देश वर्तमान समिति प्रभारी प्रबंधक को दिए गये हैं। जिस पर समिति अध्यक्ष को कार्रवाई करना बाकी है।
कार्यालय उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं के अनुसार 31 जुलाई को प्राधिकृत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति भस्करापाली को पत्र जारी किया गया है। अनिश कुमार दीवान सहकारिता विस्तार अधिकारी के प्रतिवेदन दिनांक 28 जुलाई के अनुसार निर्देश जारी किया गया है।
जिसमें लिखा है कि प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति के तात्कालिक प्रबंधक व धान खरीदी प्रभारी राजकुमार पटेल वर्तमान समिति एवं प्रभारी प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्या. भस्करापाली की नियुक्ति के दौरान प्रस्तुत कंप्यूटर शैक्षणिक प्रमाण पत्र फर्जी होने की शिकायत जांच अधिकारी अनिश कुमार दीवान ने सही पाई है।
जांच में मिला है कि राजकुमार पटेल द्वारा प्रस्तुत कंप्यूटर शौणिक योग्यता पीजीडीसीए का सत्यापन नहीं हुआ है। प्रमाण पत्र में उल्लेखित कोआर्डिनेशन ऑफि स टिकरापारा रायपुर व रिजनल ऑफिस संतोषी नगर रायपुर में स्थित एवं संचालित होने का प्रमाण पत्र से सत्यापन नहीं हो सका है।
जांच में स्पष्ट हुआ है कि एएसडीई कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थान के रूप में शासन से मान्यता प्राप्त होने का या किसी विश्वविद्यालय से संबद्ध नहीं है। जांच प्रतिवेदन से स्पष्ट है कि राजकुमार पटेल द्वारा 2008 में प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्या पथरला में विक्रेता पद की नियुक्ति के दौरान प्रस्तुत कंप्यूटर योग्यता का प्रमाण पत्र शासन से मान्यता प्राप्त नहीं था। और ना ही और किसी विश्वविद्यालय से संबद्ध था। राजकुमार पटेल उक्त कंप्यूटर प्रशिक्षण संस्थान के स्थित व संचालित होने संबंधी कोई साक्ष्य व अभिलेख प्रस्तुत करने में असफल रहा है। जिससे प्रमाणित हो सके कि उक्त संस्था वास्तव में संचालित था।