महासमुन्द
तुलसीदास जयंती पर विचार संगोष्ठी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 अगस्त। आस्था साहित्य समिति महासमुंद द्वारा तुलसीदास जयंती पर वृन्दावन विद्यालय महासमुंद में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ गोस्वामी तुलसीदास की छाया चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
अध्यक्षता करते हुये साहित्यकार आनंद तिवारी पौराणिक ने कहा कि तुलसीदास द्वारा रचित प्रमुख महाकाव्य रामचरित मानस मानवीय मूल्यों का घोषणा पत्र व विश्व आचार संहिता है। उन्होंने कहा कि गोस्वामी जी ने रामकथा को संस्कृत की गंगोत्री से नीचे उतारकर लोकभाषा अवधि में लिखकर गंगा के समान सर्वसुलभ बना दिया।
इस अवसर पर मानस मर्मज्ञ कृष्ण कुमार पाम्डेय ने रामचरित मानस का सस्वर पाठ करते हुये प्रमुख वृतांत का वर्णन किया। विशिष्ट अतिथि की आसंदी से डॉ.साधना कसार ने कहा कि महाकवि गोस्वामी तुलसीदास विश्व वृंद्य थे। तुलसी का समन्वयवाद आज के परिप्रेक्ष्य में प्रासंगिक है।
साहित्यकार कमलेश पाम्डेय, टेकराम सेन चमक ने उनके जीवन दर्शन को बताते हुये उन्हें लोकभाषा के प्रवर्तक बताया। कहा कि तुलसी का प्रयोजन लोक मंगल एवं श्री राम को घर घर पहुंचाना था। रामचरित्र मानस कर्ण विन्यास चातुर्य का एक नमूना है।
कवि सुरेन्द्र अग्निहोत्री,सुजाता विश्वनाथन, हरखराम चंद्राकर ने अपने विचार रखते हुए कहा गोस्वामी जी सामाजिक समरसता के पक्षधर थे। इस अवसर पर हरखराम चंद्राकर,जीएस गौर, सुजाता विश्वनाथन ने सुमधुर भजन की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की सफलता में एमआर विश्वनाथन, विजय लक्ष्मी, इंदू मिश्रा, उर्मिला अग्निहोत्री, वर्षा चंद्राकर,अमृता चंद्राकर, भूमिका वर्मा, शुभ्रा अग्रवाल, जागृति साहू, सविता ढीढी सहित वृन्दावन विद्यालय परिवार एवं छात्र.छात्राओं का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन साहित्यकार टेकराम सेन चमक एवं आभार प्रदर्शन एमआर विश्वनाथन ने किया।