महासमुन्द

विधायक बनने कांग्रेस के पार्षद से लेकर विधायक तक के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दावेदारी दी
23-Aug-2023 3:40 PM
विधायक बनने कांग्रेस के पार्षद से लेकर विधायक तक के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दावेदारी दी

महासमुंद विधानसभा के लिए 32, खल्लारी विधानसभा से 21, सरायपाली से 25, बसना से राजा साहब के अलावा दो अजनबी सामने आए 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 अगस्त।
जिले के चारों विधानसभा के लिए कांग्रेस पार्टी के पार्षद से लेकर विधायक तक के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दावेदारी प्रस्तुत की है। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्षों के पास जिला कांग्रेस के दावेदारों ने आवेदन किया है। कल मंगलवार को दावेदारी प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि थी। अत: देर शाम तक दावेदारों के नाम सामने आते रहे। समाचार लिखे जाने तक सबसे अधिक महासमुंद विधानसभा के लिए 32 लोगों ने दावेदारी की है। वहीं सबसे कम बसना में 3 लोगों ने ही दावेदारी प्रस्तुत की है। बसना विधायक राजा देवेंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ बसना विधायक के साथ सिर्फ दो चेहरे सामने आए हैं जो अनजान हैं और दोनों की कांग्रेस में सदस्यता भी नहीं है। इस तरह इस बार भी राजा देवेंद्र बहादुर सिंह की टिकट पक्की मानी जा रही है।  

महासमुंद विधानसभा से दावेदारों की सूची में कई बड़े चेहरे नजर आ रहे हैं। वर्तमान विधायक विनोद चंद्राकर के अलावा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अमरजीत चावला, जिलाध्यक्ष डॉ. रश्मि चंद्राकर, बीज निगम अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल,लक्ष्मी देवांगन, गिरजाशंकर चंद्राकर,निखिलकांत साहू, अमन चंद्राकर, अमर चंद्राकर,महेंद्र चंद्राकर, वीरेंद्र चंद्राकर, राजू साहू, जसमीत मक्कड़, सहित 32 ने दावेदारी प्रस्तुत की है।

इसी प्रकार खल्लारी विधानसभा में करीब 21 लोगों ने दावेदारी की है जिसमें वर्तमान विधायक द्वारिकाधीश यादव शामिल हैं। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, जिला पंचायत सदस्य बसंता ठाकुर,ब्लॉक अध्यक्ष रवि निषाद, महेंद्र चंद्राकर,केशव चंद्राकर,अंकित बागबाहरा, करन दीवान भी टिकट की मांग करने वालों में शामिल हैं।

जानकारी अनुसार सरायपाली में 25 लोगों ने दावेदारी प्रस्तुत की है। इनमें वर्तमान विधायक किस्मतलाल नंद के अलावा अजय नंद और दुबली बाई सहित 25 दावेदार सामने आए हैं। बसना विधानसभा की बात करें तो यहां विधायक के खिलाफ  किसी बड़े चेहरे ने टिकट के लिए दावा प्रस्तुत नहीं किया है। यहां कुल 3 दावेदार सामने आए हैं। जिनमें वर्तमान विधायक देवेंद्र बहादुर सिंह के अलावा भटगांव-बिलाईगढ़ की भूमिका कथाकार व रामकुमार नायक ने दावेदारी की है। मालूम हो कि रामकुमार नायक बीजेपी पृष्ठभूमि से हैं लेकिन वर्तमान में उनके पास कांग्रेस की सदस्यता भी नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष के पास आवेदन जमा किया है।


अन्य पोस्ट