महासमुन्द

डाइट के खेल मैदान में कब्जा कर बनाए गए गार्डन में स्थापित हो रही छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा
20-Aug-2023 3:40 PM
डाइट के खेल मैदान में कब्जा कर बनाए गए गार्डन में स्थापित हो रही छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 अगस्त।
डाइट के खेल मैदान पर कब्जा कर तीन साल पहले बने गार्डन में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा स्थापित कर मुख्यमंत्री के हाथों अनावरण होना है। अब डाइट प्रबंधन जबरदस्ती हथिया लिए गए अपने खेल मैदान को बचाने हर स्तर पर आवेदन-निवेदन कर रहा है, पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कहा जा रहा है कि यदि एनसीटीई राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद की टीम निरीक्षण के लिए यहां पहुंची, तो मैदान नहीं होने की वजह से डाइट की मान्यता खत्म हो सकती है। और यदि अगर डाइट की मान्यता छीन ली गई तो इसका खामियाजा पूरे जिले को को भुगतना पड़ेगा। युवाओं को डीएलएड करने दूसरे जिले में जाकर पढ़ाई करनी पड़ेगी।

डाइट की प्राचार्य मीना पाण्डेय ने बताया कि उनके खेल मैदान पर जब उद्यान बनाने का काम शुरू किया गया तब सबसे पहले तत्कालीन कलेक्टर को 29 सितंबर 2021 को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया और आगामी समय में होने वाली समस्या से अवगत कराया गया। इसके बाद 29 सितंबर को ही संचालक राज्य शैक्षिक अनुसंधान परिषद को पत्र लिखा गया। फिर 13 अक्टूबर 2021 को तहसीलदार को जमीन के सीमांकन के लिए पत्र लिखा गया। हालांकि इस दौरान भी निर्माण जारी रहा। इसके बाद 29 अक्टूबर,12 नवंबर व 12 दिसंबर को भी सभी स्तर पर पत्राचार कर अपने मैदान को बचाने की कोशिश की गई, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।

डाइट के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना काल में खेल गतिविधियां थमने से पढ़ाई ऑनलाइन हो गई। इसी दौरान तत्कालीन कलेक्टर डोमन सिंह के कार्यकाल में डाइट के खेल मैदान डाइट प्रबंधन को बिना जानकारी और बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र लिए ही छीन लिया गया। कलेक्टर के इस कदम से डाइट प्रबंधन स्तब्ध रह गया। जिसके बाद डाइट लगातार अपना खेल मैदान वापस देने गुहार लगा रहा है। 

जानकारी के अनुसार महासमुंद में साल 1964-65 के दौरान जब बीटीआई अस्तित्व में आया। तब शासन से आबादी जमीन खसरा नंबर 102.6 में 10 एकड़ आबंटित किया गया। जिसमें बीटीआई का प्रशिक्षण संस्थान, हॉस्टल, खेल मैदान और आवास बनाया गया। वर्ष 2005 में डाइट बना। जिससे एक नई उपलब्धि जिले के खाते में जुड़ गई। डाइट की मान्यता के लिए संस्थान के पास स्वयं का खेल मैदान होना अति आवश्यक है। लेकिन डाइट के पास खेल मैदान नहीं है। ऐसे में अगर एनसीटीई की टीम निरीक्षण के लिए आती है, तो डाइट की मान्यता को खत्म भी कर सकती है।

अब तक डाइट प्रबंधन इसी खेल मैदान को ही ऑनलाइन वेरिफि केशन में अपना दर्शाता आया है। मान्यता खत्म होने पर डीएलएड की मान्यता छीन जाएगी जो कि प्राथमिक और मिडिल स्कूल में शिक्षक बनने के लिए अनिवार्य होता है। ऐसे में युवाओं को डीएलएड करने दूसरे जिले में जाकर पढ़ाई करनी पड़ेगी। एडीएम दुर्गेश वर्मा कहते हैं कि उक्त गार्डन में सीएम भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। डाइट की जमीन पर बने इस गार्डन के बारे में चर्चा की गई तब उनके द्वारा बताया गया कि यह पुराना मामला है, मेरी जानकारी में नहीं है। पता करने के बाद ही कुछ कह सकूंगा। 
 


अन्य पोस्ट